कोल्हान में रीढ़ तोड़ने की कवायद शुरु! चंपाई सोरेन के निशाने पर झामुमो कार्यकर्ता!

रांची: झामुमो के साथ दिशोम गुरु की पाठशाला से शुरु हुआ पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के सियासी सफर पर अब विराम लग चुका है. अपनी दिल्ली यात्रा के बाद मायूस-निराश लौटे “टाइगर ऑफ कोल्हान” कोल्हान की सियासत में अपनी प्रासंगिकता और सियासी जमीन को अब नये सिरे से खंगालते नजर आ रहे हैं. सभाओं में भीड़ भी जुट रही है. लोगों का प्यार और स्नेह भी मिल रहा है. अपने टाइगर के प्रति लोगों की हमदर्दी भी नजर आ रही है. लेकिन, इसके साथ  एक सवाल उमड़ रहा है. आखिर टाइगर के अंदर वह कौन सी पीड़ा है. जिसका मरहम दिशोम गुरु के पास नहीं था? किस सम्मान की बात कर रहे हैं टाइगर ऑफ कोल्हान? सीएम की वह कुर्सी, जो किसी भी सियासतदान का सपना होता है. भाई बसंत सोरेन और पत्नी कल्पना सोरेन को दरकिनार हेमंत ने भेंट की थी,  कुर्सी के वे स्वाभाविक दावेदार भी नहीं थें. बावजूद इसके सोरेन परिवार ने अपने सबसे विश्वसनीय चेहरे पर दांव खेला था, फिर चूक कहां हो गयी. कुर्सी आज नहीं तो कल, तो जाना ही था, आदिवासी-मूलवासी समुदाय ने चंपाई सोरेन के चेहरे पर नहीं, हेमंत है तो हिम्मत है, के नारे साथ सत्ता सौंपी थी, फिर नाराजगी की वजह क्या है? कहीं किसी बड़े सियासी खेल का हिस्सा तो नहीं बन गया उनका टाइगर.

समर्थकों की आंखों में सहानुभूति की झलक के साथ सवाल 

देखना दिलचस्प होगा कि समर्थकों के मन में उमड़ते-घूमड़ते इन सवालों के बीच चंपाई सोरेन का विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन कैसा रहता है? आज जो साथ मिलता दिख रहा है, समर्थकों के आंखों में सहानुभूति की जो झलक नजर आ रही है, वह कितना टिकाऊ और कितनी दूर तक जाने वाला है? और सवाल यह भी है कि क्या वाकई भाजपा के साथ नहीं जा रहे हैं, या फिर यह पूरी कसरत सिर्फ समर्थकों की प्रतिक्रिया को समझने की एक कवायद भर है. मन को टटोलने की कोशिश है, जैसे ही इस बात का संकेत मिलता है कि भाजपा के साथ खड़ा होने के बावजूद भी यह काफिला साथ खड़ा नजर आयेगा, औपचारिक एलान कर दिया जायेगा? और इसके साथ ही एक बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर चंपाई सोरेन ने अब तक मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा पेश क्यों नहीं किया? झामुमो को अलविदा कहने के बावजूद, मंत्री पद की यह चाहत क्यों बनी हुई है. क्या चंपाई सोरेन अभी भी कोई गुंजाईश देख रहे हैं? और एक ही झटके में रिश्ते की इस बंधन को चटकाना नहीं चाहते? या फिर मंत्री पद के कारण सुरक्षाकर्मियों का जो काफिला घूमता है, लाव-लश्कर का जो साथ मिलता है और एक छवि बनती है, इसका मोह त्याग नहीं पा रहें? अभी तक तो पार्टी को अलविदा कहने का औपचारिक पत्र भी नहीं भेजा गया है.

क्या झामुमो की रीढ़ को तोड़ पाने में कामयाब होंगे चंपाई 

लेकिन इन तमाम सवालों के बीच सियासी जमीन को नये सिरे से मापने की कोशिश शुरु हो चुकी है, और निशाने पर हैं झामुमो कार्यकर्ता, वैसे कार्यकर्ता जो किसी ना किसी कारण से असंतुष्ट हैं, जिन्हे यह लगता है कि पार्टी के अंदर उनकी पूछ नहीं हो रही या फिर आगे भी इसकी संभावना दिखलायी नहीं पड़ रही, उनकी गोलबंदी चंपाई सोरेन के पक्ष में होती दिख रही है. हालांकि यह आकर्षण कितने दिनों तक रहेगा यह भी एक सवाल है, लेकिन कोशिश किसी भी तरीके से झामुमो कार्यकर्ताओं को अपने साथ खड़ा करने की है. हालांकि चंपाई सोरेन बार-बार इस बात को रेखांकित करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं कि उनका इरादा झामुमो को तोड़ने का नहीं है, लेकिन यदि आसपास की भीड़ को समझने की कोशिश की जाय, मुलाकातों पर नजर रखी जाय, मंच पर जिन चेहरों को स्थान दिया जा रहा है, उसको समझने की कोशिश की जाय तो सब कुछ समझ में आने लगता है. 

चंपाई सोरेन का पत्ता सामने आने के बाद ही झामुमो चलेगा अगला चाल

तो क्या चंपाई सोरेन झामुमो की रीढ़ को तोड़ पाने में सफल हो जायेंगे? फिलहाल इसके लिए चंपाई सोरेन के अगले कदम का इंतजार करना होगा. दरअसल झामुमो समर्थकों का अपना एक अलग माइंड सेट होता है, एक राजनीतिक दृष्टि होती है, अभी सिर्फ मेल-मिलाप का दौर चल रहा है, और बहुत हद तक चंपाई की ताकत को समझने की कोशिश भी की जा रही है. यही कारण है कि अब तक झामुमो ने चंपाई सोरेन के प्रति कोई कड़ा रुख अख्तियार नहीं किया है, यहां तक की समर्थकों को अलर्ट करने की कोशिश भी नहीं की गयी है, पूरा मैदान खुला छोड़ दिया गया है, हर चाल को समझने की कोशिश की जा रही है कि टाइगर ऑफ कोल्हान की सियासत कौन सी करवट लेने वाली है. जिस प्रकार चंपाई सोरेन 10 दिनों में सब कुछ साफ होने का दावा कर रहे हैं, अपना अगला रहबर खोजने की बात कर रहे हैं, झामुमो सांस रोक कर उसका इंतजार कर रहा है, वह अपनी ओर से एक भी ऐसा कदम नहीं उठाना चाहता ताकि यह संदेश पसरे कि पार्टी ने अपने पुराने सिपहसलार के प्रति कोई ज्यादती की. जरुरत से ज्यादा कड़ा रवैया अख्तियार किया, झामुमो के अंदर जो अभी शांति पसरी दिख रही है, उसका कारण यही रणनीति है.  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More