अनंतनाग जिले की सात सीटों पर पहले चरण में 6.67 लाख मतदाता डाल सकेंगे वोट

श्रीनगर, 23 अगस्त (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में 18 सितंबर को होने वाले चुनावों को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने शुक्रवार को कहा कि इन 844 मतदान केंद्रों पर 6.67 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

आयोग ने एक बयान में कहा कि 18 सितंबर को विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अनंतनाग जिले के 844 मतदान केंद्रों पर सात निर्वाचन क्षेत्रों के 6.67 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे।

जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं, जिसमें डूरू, कोकरनाग (एसटी), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबेहरा, शांगस-अनंतनाग पूर्व और पहलगाम सीटें शामिल हैं। इनमें कुल 6,67,781 मतदाता हैं, जिनमें से 3,36,185 पुरुष मतदाता और 3,31,592 महिला मतदाता हैं। चार ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं।

निर्वाचन आयोग ने बताया, ”पूरे जिले में मतदाताओं की सुविधा के लिए 844 मतदान केंद्रों का एक व्यापक नेटवर्क स्थापित किया गया है। इनमें 61 विशेष मतदान केंद्र, 33 मॉडल स्टेशन, चार ग्रीन स्टेशन, सात पिंक स्टेशन, विकलांग व्यक्तियों के लिए सात स्टेशन, एक युवा मतदान केंद्र और नौ अनूठे स्टेशन शामिल हैं।”

बयान में कहा गया है, “डूरू निर्वाचन क्षेत्र में 1,16,749 मतदाता (59,052 पुरुष, 57,695 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर) हैं। यहां 152 मतदान केंद्र (18 शहरी और 134 ग्रामीण) हैं।

“इसी तरह, कोकरनाग (एसटी) में 91,280 मतदाता (46,840 पुरुष, 44,439 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर) हैं। यहां 123 मतदान केंद्र (पांच शहरी और 118 ग्रामीण) हैं।

“जिले में मतदाताओं की दृष्टि से सबसे बड़ा अनंतनाग-पश्चिम है, जहां 1,26,006 मतदाता (63,281 पुरुष, 62,724 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर) हैं। यहां 146 मतदान केंद्र (25 शहरी और 121 ग्रामीण) हैं।”

अनंतनाग में 61,070 मतदाता (30,645 पुरुष, 30,425 महिलाएं) हैं तथा यहां 70 मतदान केंद्र (43 शहरी तथा 27 ग्रामीण) हैं।

आयोग ने बताया, “श्रीगुफवारा-बिजबेहरा में 1,02,081 मतदाता (50,728 पुरुष और 51,353 महिलाएं) हैं। यहां 125 मतदान केंद्र (16 शहरी तथा 109 ग्रामीण) हैं। शांगस-अनंतनाग ईस्ट में 1,00,902 मतदाता (50,656 पुरुष और 50,246 महिलाएं) हैं, जिनके लिए 127 मतदान केंद्र (19 शहरी तथा 108 ग्रामीण) स्थापित किए गए हैं। पहलगाम में 69,693 मतदाता (34,983 पुरुष और 34,710 महिलाएं) हैं तथा यहां 101 मतदान केंद्र (12 शहरी तथा 89 ग्रामीण) हैं।”

नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त दोपहर 3 बजे तक है।

बयान में कहा गया है, “अनंतनाग जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन पत्रों की जांच 28 अगस्त को संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालयों में होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अगस्त है। चुनाव प्रक्रिया के पहले चरण के लिए मतदान 18 सितंबर को होना है।”

मतदान निर्धारित दिन सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।

–आईएएनएस

एमकेएस/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More