रायपुर पहुंचे सचिन पायलट ने कहा, देवेंद्र यादव को भाजपा ने षडयंत्र के तहत गिरफ्तार किया

रायपुर, 23 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सचिन पायलट शुक्रवार को रायपुर पहुंचे। यहां उन्होंने बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल में बंद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि देवेंद्र यादव को राजनीतिक षड़यंत्र के तहत गिरफ्तार किया गया है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने उन्हें झूठे मामले में फंसाकर जेल में बंद कर दिया है।

सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन की नाकामी से बलौदाबाजार में हिंसा के हालात बने थे। दलित, वंचित, पिछड़े और आदिवासी समाज को केंद्र और राज्य सरकार संरक्षण और सम्मान नहीं दे पा रही है। बलौदाबाजार हिंसा की जांच में जो कदम उठाने जाने चाहिए, वो नहीं उठाए गए। असामाजिक लोगों को गिरफ्तार करने के बजाय दो बार के कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव को राजनीतिक षड़यंत्र के तहत गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि देवेंद्र यादव पुलिस जांच में सहयोग कर रहे थे, लेकिन बिना तथ्य के उनके ऊपर आपराधिक धाराएं लगाई गईं और जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया गया। प्रदेश की भाजपा सरकार ने बहुत गलत उदाहरण पेश किया, क्योंकि समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसे सरकार नहीं समझ सकी। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा दलित, वंचित, पिछड़े और आदिवासी समाज के लिए संघर्ष किया है। देवेंद्र यादव भी आहत लोगों को अपना समर्थन देने गए थे।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपने प्रतिद्वंदियों को टारगेट कर जेल में डालेगी तो जनता इस बात को बर्दाश्त नहीं करेगी। हमारी पार्टी इसके खिलाफ कानून लड़ाई लड़ रही है। हम संघर्ष करने के लिए तैयार हैं और पूरे प्रदेश में धरना प्रदर्शन करेंगे। शनिवार को कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इसका विरोध प्रदर्शन करेंगे। न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है, हमें न्याय मिलेगा।

बता दें कि बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट में आगजनी और हिंसा मामले में कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव को बीते शनिवार को भिलाई स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया गया था। उनकी न्यायिक रिमांड सात दिन के लिए फिर बढ़ा दी गई है। देवेंद्र यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बीते मंगलवार को कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट में सुनवाई के दौरान उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई और न्यायिक रिमांड की अवधि बढ़ा दी गई।

–आईएएनएस

एसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More