झारखंडी अधिकार मार्च! पूरा झारखण्ड बोल रहा है “हम झुकेंगे नहीं, हम रुकेंगे नहीं: कल्पना सोरेन

रांची: आज सुबह से ही झारखंड का सियासी पारा आसमान छूता रहा. एक तरफ भाजपा युवा आक्रोश रैली के बहाने राजधानी रांची में अपना शक्ति प्रदर्शन कर रही थी, तो दूसरी ओर झामुमो की ओर से पूरे झारखंड में झारखंडी अधिकार मार्च निकाला जा रहा था, हर जिले और प्रखंड से इसकी तस्वीर आ रही थी. जहां सोशल मीडिया में युवा आक्रोश रैली का जोर था तो झारखंडी अधिकार मार्च का शोर भी था. रांची, गढ़वा, पलामू, हजारीबाग, गिरिडीह, संताल और कोल्हान से लगातार इसकी तस्वीरें आती रही.

पूरा झारखण्ड बोल रहा है “हम झुकेंगे नहीं, हम रुकेंगे नहीं

झारखंडी अधिकार मार्च की सफलता का दावा करते हुए कल्पना सोरेन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखा कि “ केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा झारखण्ड की अनदेखी और यहां के लोगों को उनके हक़ और अधिकार से वंचित रखने के खिलाफ, आज पूरा झारखण्ड एकजुट होकर सड़कों पर उतर आया है। लाखों झारखंडी भाई-बहन अपने स्वाभिमान की आवाज़ बुलंद करते हुए, इस ज़मीन के अधिकार और सम्मान के लिए ‘झारखंडी अधिकार मार्च’ में शामिल हुए हैं. पूरा झारखण्ड बोल रहा है “हम झुकेंगे नहीं, हम रुकेंगे नहीं, हम अपने हक़ का अधिकार लेकर रहेंगे!”

राज्यसभा सांसद महुआ माजी के निशाने पर भाजपा



इधर रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक ‘अधिकार मार्च’ के समापन के बाद जन सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने दावा किया है कि भाजपा की ओर से निकाला गया ‘युवा आक्रोश मार्च’, झारखंड को अशांत करने की साजिश भर है. झारखंड के युवाओं की इतनी ही फिक्र होती तो कोयला की रॉयल्टी का भुगतान कर दिया गया गया. झारखंडियों को उसका हक दे दिया गया होता, हमारी जमीन के कोयला निकलता है, अपना खेत-खलिहान गंवा कर हम इसकी कीमत चुकाते हैं. इस पर रॉयल्टी हमारा हक है, लेकिन केन्द्र की मोदी सरकार झारखंडियों से उसका हक छीनने पर आमदा थी. आखिरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हमें अपना हक मिला. बावजूद इसके अभी तक उसका भुगतान नहीं हुआ है. 

कोयले की रॉयल्टी से बदल जाता झारखंडी युवाओं की किस्मत

यदि समय रहते झारखंड का 1.36 लाख करोड़ की रॉयल्टी का भुगतान कर दिया गया होता तो आज झारखंडी युवाओं की किस्मत बदल गयी होती. हम अपने युवाओं के लिए कई दूसरी योजनाओं की शुरुआत कर दिये होंते, लेकिन भाजपा बोलती कुछ और करती कुछ और है. अब तक झारखंड का पैसा रोककर हमारे युवाओं के सपनों पर ताला लगाने वाली भाजपा आज ‘युवा आक्रोश मार्च’ निकालने की नौटंकी कर रही है. लेकिन, झारखंड की जनता सब कुछ देख समझ रही है इन हथकंडों से उसके हाथ कुछ भी नहीं लगने वाला है. राज्य की जनता इस बात को देख-समझ रही है कि कैसे एक निर्वाचित सरकार को गिराने के लिए बार-बार ‘ऑपरेशन लोटस’ चलाया जा रहा है. लेकिन यह नापाक कोशिश हर बार विफल हो रही है. लोकसभा चुनाव के पहले एक चुनी हुई सरकार के मुखिया को जेल में डालने की साजिश रची गयी, पांच महीनों के कारावास के बाद भी कोर्ट में कोई सूबत नहीं पेश कर सकी, और आखिरकार जमानत मिली. कोर्ट ने भाजपा को आईना दिखला दिया, अब विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता आईना दिखलाने का काम करेगी

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More