आप का दावा, पूर्ण बहुमत से साथ हरियाणा में बनाएंगे सरकार

भिवानी (हरियाणा), 22 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा में 1 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी का दावा है कि वह राज्य में पूर्ण बहुमत से साथ सरकार बनायेगी।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने गुरुवार को दावा किया कि इस बार हरियाणा में आप की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं। आम आदमी पार्टी सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीतेगी।”

पार्टी के कार्यकर्ता लोगों से कह रहे हैं कि जो काम पार्टी ने दिल्ली और पंजाब में करके दिखाए हैं, वे हरियाणा में भी किए जाएंगे। पार्टी लोगों को गारंटी कार्ड भी दे रही है जिसमें मुफ्त बिजली, शिक्षा, सहित अन्य सुविधाएं देने का वादा है।

ढांडा ने कहा, “कांग्रेस के शासन काल को लोगों ने देख लिया। बीते 10 साल से यहां पर भाजपा की सरकार है। यहां की जनता ने दोनों पार्टियों की सरकारों को देख लिया है। अब बारी आम आदमी पार्टी की है। हम सरकार बनाएंगे और आम आदमी अपने काम करवाएगा।”

हालांकि, हरियाणा में किसी पार्टी के साथ गठबंधन होगा या नहीं, इस पर उन्होंने कहा कि अभी इस पर कोई फैसला नहीं हुआ। लेकिन, पार्टी गठबंधन से हटकर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और जीतेगी। आम आदमी पार्टी 25 लाख घरों में गारंटी कार्ड पहुंचा रही है।

भारतीय चुनाव आयोग ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभाओं के चुनावों की तारीखों की घोषणा की थी। इसके बाद से ही भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अपनी-अपनी सरकार बनाने का दावा करने में लगे हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More