चाईबासा: पूर्व सीएम चंपाई सोरेन पहुंचे चाईबासा, समर्थकों ने किया भव्य स्वागत
चाईबासा: पूर्व सीएम सह राज्य के मंत्री चंपाई सोरेन कोल्हान दौरे पर निकलने से पूर्व गुरुवार को चाईबासा में अपने समर्थकों से मुलाकात की. कोलहान टाईगर सह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन गुरुवार को जैसे ही चाईबासा पहुंचे, समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. मौके पर कोल्हान टाईगर जिंदाबाद का नारा लगने लगा. इस दौरान वहां उपस्थित समर्थकों ने चंपाई सोरेन के समर्थन में कहा, दादा आप आगे बढ़ें, हमलोग आपके साथ हैं. इस दौरान झारखंड टाईगर जिंदाबाद के भी नारे लगे. गौरतलब है कि कुछ समय पहले मीडिया में ऐसी खबरें आ रही थी कि पूर्व सीएम चंपाई सोरेन भाजपा में जा सकते हैं लेकिन बुधवार को इन कयासों पर विराम लग गया. मंत्री चंपाई सोरेन ने दिल्ली से वापस लौटने के बाद नया संगठन बनाने का ऐलान किया. हालांकि इससे पहले राजनीतिक सूत्र उन्हें भाजपा नेता के संपर्क में होने की बात कह रहे थे लेकिन उन्होंने दिल्ली से लौटने के क्रम में ये साफ कर दिया कि उनकी किसी बीजेपी नेता से मुलाकात नहीं हुई है.
बता दें कि मंत्री चंपाई सोरेन ने कहा है कि वे आगे कोल्हान के सभी 14 सीटों पर दौरा कर बनने वाले संगठन को मजबूत करेंगे. चंपाई सोरेन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे कोल्हान पर अब फ़ोकस कर रहे हैं. एक दिन पूर्व नए संगठन बनाने की घोषणा के साथ चंपाई ने कहा है कि एक सप्ताह के भीतर पूरी तस्वीर और स्थिति साफ हो जाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि वे न तो संगठन तोड़ेंगे न राजनीति से संन्यास लेंगे. अब नया अध्याय लिखेंगे. थोड़ा इंतिजार का मज़ा लीजिये. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल्हान शुरू से ही आंदोलन की धरती रही है. हमने भी अलग झारखंड राज्य के लिए यहीं से संघर्षों की शुरुआत की है. राजनीतिक जीवन में इस क्षेत्र की जनता का अपार समर्थन मिला है.
सरकार से नाराजगी के बाद भी मंत्री पद पर बने रहने के सवाल पर उन्होंने फिर वही जवाब दिया कि थोड़ा सब्र करें. सबका जवाब मिल जाएगा. उन्होंने कहा कि सब्र का फल मीठा होता है. हमने सारा विकल्प खुला रखा है. वहीं इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के मानकी- मुंडाओं के साथ बैठक कर ताजा हालात पर चर्चा की. बता दें कि सरकार से बगावत करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन नए राजनीतिक बिसात बिछाने की कवायद में जुटे हैं. इसमें उन्हें अपार जन समर्थन मिल रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि एक हफ्ते के भीतर सभी सवालों के जवाब राज्य की जनता को मिल जाएगी.
