बाहरियों के साथ मिलकर भाजपा ने हमारी सरकार की ‘युवा हितैषी’ नियोजन नीति को रद्द करवाया

रांची: लातेहार, पलामू सहित गढ़वा जिले की महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत प्रथम किस्त का भुगतान करने मेदिनीनगर पहुंचे सीएम हेमंत ने आज भाजपा पर बड़ा हमला किया. अपनी सरकार की नियोजन नीति रद्द होने का आरोप भाजपा के सिर पर मढ़ते हुए इस बात का दावा किया कि हमारी सरकार झारखंड के युवाओं की भावनाओं के अनुरुप नियोजन नीति लेकर आयी थी, ताकि राज्य सरकार की नौकरियों में उनको प्राथमिकता मिल सके. झारखंड की नौकरियां बाहरी लोगों के हाथ में नहीं जाय. लेकिन हमारी सरकार की  युवा हितैषी नियोजन नीति भाजपा को स्वीकार नहीं थी और उसने बाहरियों के साथ साठ-गांठ कर इसे रद्द करवा दिया.

कोई भी षडयंत्र काम नहीं आने वाला

सीएम हेमंत ने दावा किया कि भाजपा और केंद्र सरकार ने पूरे देश में युवाओं का बेड़ा गर्क कर रखा है. गरीब-गुरूबा का बेटा-बेटी ज्यादातर फौज रेलवे, बैंक में नौकरी के लिए जाता है. लेकिन भाजपा और केन्द्र सरकार ने इन सभी क्षेत्रों में नौकरी के दरवाजे बंद कर रखे हैं. इस षड्यंत्रों के बावजूद हमारी सरकार ने हजारों नौकरी दी है, हजारों नौकरी जल्द मिलेगी, भाजपा का कोई भी षड्यंत्र चलने वाला नहीं है. भाजपा के इन तमाम षडयंत्रों के बावजूद हमारी सरकार झारखंड और झारखंडियों के हित में अपना काम करती  रहेगी. अपने सारे वादों को सरजमीन पर उतारेगी, अपना हर वादा पूरा करेगी.

पांच लाख 48 हजार लाभुकों के खाते में पहली किस्त का भुगतान

आपको याद दिला दें कि आज पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले के करीबन पांच लाख 48 हजार लाभुकों के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि की पहली किस्त का भुगतान किया जाना था. सीएम हेमंत इस अवसर पर मेदिनीनगर में थें और यहीं से भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राज्य में कई ऐसे इलाके भी हैं, जहां पिछले 20 वर्षों में सरकार का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, लेकिन हमारी सरकार राजधानी रांची के बजाय गांव से चलने वाली सरकार है. हमारी सरकार ने यह फैसला किया है कि गांव-गांव शिविर का आयोजन कर जनता की समस्याओं का समाधान किया जायेगा. यह कोई पहला अवसर नहीं है कि लाभुकों को शिविर लगाकर भुगतान किया जा रहा है, इसके पहले भी हमारी सरकार शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान कर चुकी है. 

 50 वर्षों में भी मुकाबला नहीं कर पायेगी भाजपा

इन चार वर्षो में हमारी सरकार ने जो काम किया है, अगले पचास वर्षों तक भी विपक्ष इसका मुकाबला करने की स्थिति में नहीं है. विकास की जो लकीर खींची है, विपक्ष के लिए अगले पचास वर्षों तक उसके आस-पास पहुंचना भी मुश्किल होगा. सरकार के लोकप्रिय फैसले के भाजपा परेशान है और हर दिन किसी ना किसी बहाने सरकार को गिराने की साजिश रचती रहती है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा को आईना दिखला दिया है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ही आज हम आप सबों के बीच में हैं. मंईयां सम्मान योजना की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महज दो सप्ताह में 45 लाख महिलाओं का निबंधन हो चुका है, 31 अगस्त के पहले पहले सभी निबंधित महिलाओँ के खाते में इस राशि का भुगतान कर दिया जायेगा. उसके बाद हर माह एक हजार रुपये की राशि का भुगतान किया जाता रहेगा.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More