पलामू, गढ़वा और लातेहार के लाभुकों को मंईयां सम्मान योजना की पहली किस्त
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज मेदिनीनगर से पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले के करीबन पांच लाख 48 हजार लाभुकों के खाते में मंईयां सम्मान योजना की राशि का बटन दबा कर भुगतान किया. इस अवसर पर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए हेमंत सोरेन ने दावा किया कि राज्य में कई ऐसे इलाके भी हैं, जहां पिछले 20 वर्षों में सरकार का कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा, लेकिन हमारी सरकार राजधानी रांची के बजाय गांव से चलने वाली सरकार है. यही कारण है कि हमारी सरकार ने यह फैसला किया है कि गांव -गांव शिविर का आयोजन कर जनता की समस्याओं का समाधान किया जायेगा. यह कोई पहला अवसर नहीं है कि शिविर लगाकर लाभुकों का भुगतान किया जा रहा है, इसके पहले भी हम शिविर लगाकर समस्याओं का समाधान कर चुके हैं.
पलामू प्रमंडल की महिलाओं को खुशियों का उपहार..
मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM पहुंचे मेदिनीनगर। झारखण्ड मुख्यमंत्री
मंईयां सम्मान योजना के तहत लातेहार, मेदिनीनगर एवं गढ़वा की लाखों महिलाओं के बैंक खाता में हुआ सम्मान राशि का हस्तांतरण।
महिलाओं को सम्मान, दे रही आपकी सरकार। pic.twitter.com/PAN85kTZhh— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) August 22, 2024
हमारी चार वर्षों की सरकार का मुकाबला करने की स्थिति नहीं है भाजपा
अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए हेमंत सोरेन ने दावा किया कि इन चार वर्षो में हमने जो काम किया है, अगले पचास वर्षों तक भी विपक्ष इसका मुकाबला नहीं कर पायेगा. हमने विकास की जो लकीर खींची है, विपक्ष के लिए उसके आसपास खड़ा होना भी मुश्किल है. यही कारण हर दिन हमारी सरकार को गिराने की एक नयी साजिश रची जाती है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भाजपा को आईना दिखला दिया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ही आज हम आप सबों के बीच में हैं. मंईयां सम्मान योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महज दो सप्ताह में 45 लाख महिलाओं का निबंधन हो चुका है, 31 अगस्त के पहले पहले सभी निबंधित महिलाओँ के खाते में इस राशि का भुगतान कर दिया जायेगा. उसके बाद हमारी बहनों के खाते में हर माह एक हजार रुपये की राशि का भुगतान होता रहेगा.
