यूएन चीफ ने स्वच्छ वायु के लिए वैश्विक निवेश बढ़ाने की अपील की

संयुक्त राष्ट्र, 22 अगस्त (आईएएनएस)। 7 सितंबर को मनाए जाने वाले ‘नीले आसमान के लिए स्वच्छ वायु’ दिवस के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सभी देशों से वैश्विक स्तर पर हवा को साफ एवं स्वच्छ बनाने के लिए अधिक से अधिक निवेश की अपील की है।

चीनी समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक उन्होंने कहा, “दुनियां की 99 फीसद आबादी प्रदूषित हवा में सांस ले रही है। जिसकी वजह से वैश्विक स्तर पर हर साल 80 लाख लोग अकाल मौत का शिकार होते हैं। इन मृतकों में सात लाख बच्चे ऐसे होते हैं जिनकी मौत पांच साल से कम उम्र में ही हो जाती है।”

इसके बाद महासचिव गुटेरेस ने वैश्विक स्तर पर चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदूषण अर्थव्यवस्थाओं को भी प्रभावित कर रहा है जिसकी वजह से पृथ्वी गर्म हो रही है। यह कार्य जलवायु संकट में “आग में घी” डालने का काम कर रहा है। साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रदूषण महिलाओं, बच्चों और वृद्धों सहित समाज में सबसे कमजोर लोगों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।

उन्होंने कहा, “फिर भी, प्रदूषण एक मूक हत्यारा है जिसे रोका जा सकता है।”

साथ ही गुटेरेस ने उन कार्रवाइयों पर प्रकाश डाला जो सरकारों और व्यवसायों दोनों को करनी चाहिए जैसे जीवाश्म ईंधन को चरणबद्ध तरीके से समाप्त करना, वायु गुणवत्ता निगरानी को मजबूत करना, वायु-गुणवत्ता मानकों को लागू करना, नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना, टिकाऊ परिवहन और टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन प्रणालियों का निर्माण, आपूर्ति श्रृंखलाओं को साफ करना और हानिकारक उत्सर्जन को कम करना।

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने विकास संगठनों, वित्तीय संस्थानों और परोपकारी संस्थाओं से त्रिस्तरीय संकट — प्रदूषण, जलवायु संकट, जैव विविधता हानि से निपटने के लिए स्वच्छ वायु प्रौद्योगिकियों के पीछे वित्तीय पूंजी को पुनर्निर्देशित करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हमें क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर मिलकर काम करना चाहिए।”

गुटेरेस ने कहा, “स्वच्छ वायु में निवेश जीवन बचाता है, जलवायु परिवर्तन से लड़ता है, अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, निष्पक्ष समाज का निर्माण करता है और सतत विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाता है।”

–आईएएनएस

पीएसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More