रिम्स में 10 दिनों से स्वास्थ्य सेवाएं हैं बेपटरी, जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल ने बढ़ाई परेशानी

रांची: कोलकाता में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के विरोध में रिम्स के जूनियर डॉक्टर 13 अगस्त से हड़ताल पर हैं। इस कारण ओपीडी और रूटीन सर्जरी में सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही चल रही हैं। डॉक्टरों की हड़ताल के कारण रिम्स में बीते 10 दिनों में करीब 396 गंभीर मरीजों की सर्जरी लंबित है। मरीज और उनके परिजन हड़ताल खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं वार्ड में भर्ती कई गंभीर मरीजों की सर्जरी भी अब इमरजेंसी में की जा रही है।
जूनियर डॉक्टरों का कार्य बहिष्कार लगातार जारी रहने के कारण रजिस्ट्रेशन काउंटर समेत ओपीडी परिसर में सन्नाटा पसरा रह रहा है. डॉक्टर सिर्फ इमरजेंसी में ही गंभीर मरीजों को परामर्श दे रहे थे। रिम्स इमरजेंसी में बुधवार को कुल 319 मरीजों की जांच की गई। वहीं, वार्ड में पहले से भर्ती मरीजों को सीनियर और जूनियर डॉक्टर परामर्श देते नजर आए।
जूनियर डॉक्टर बुधवार को भी अधीक्षक कार्यालय के सामने हॉल में धरने पर बैठे रहे। जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि केंद्र सरकार को उनकी मांग पर निर्णय लेना चाहिए। केंद्रीय चिकित्सा सुरक्षा अधिनियम लागू करना जरूरी हो गया है। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
रिम्स में बच्चों का नियमित टीकाकरण जारी है। बुधवार को दोपहर एक बजे तक 30 बच्चों का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण आपातकालीन सेवा के अंतर्गत आता है।
रिम्स के एक विभाग ने प्रबंधन को पत्र लिखकर वहां तैनात महिला सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग की है। विभागाध्यक्ष ने बताया कि महिला डॉक्टरों का रात में आना-जाना होता है। ऐसे में वे असुरक्षित महसूस करती हैं। वहीं, होमगार्ड की महिला जवान अस्पताल परिसर में रहती हैं।
