क्या चंपाई सोरेन अपनी पार्टी बना कर कृष्णा मार्डी की तरह ताकतवर नेता बन पायेंगे ?

चाईबासा: कोल्हान टाईगर चंपाई सोरेन ने अपनी नई पार्टी बनाने का एलान कर भाजपा के मक़सद को कामयाब कर दिया है। आगामी चुनाव के मद्देनजर भाजपा की पहली कोशिश झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी जेएमएम के परंपरागत वोट बैंक और इंडिया गठबंधन के वोटों का बंटवारा हो। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चंपाई सोरेन के आगे के सफर का स्क्रिप्ट भाजपा ने तैयार किया है। भाजपा ऐन चुनाव के कुछ दिन पहले चंपाई सोरेन को पार्टी में शामिल करने का जोखिम लेने की जगह इसके विकल्पों को अपनाने के रूप में ही चंपाई सोरेन को नई पार्टी शुरू करने का ऑफर दिया है,ताकि चंपई सोरेन नई पार्टी के माध्यम से जेएमएम का राजनीतिक नुकसान करते हुए उसके वोट बैंक में सेंधमारी कर सके।

भाजपा के जरिए नुकसान पहुंचाना आसान नहीं

भाजपा यह बात जान रही है कि भाजपा के प्लेटफार्म से जेएमएम को नुकसान पहुंचाना चंपाई सोरेन के लिए आसान नहीं होने वाला है। यह बात चंपाई सोरेन भी अच्छी तरह से जानते हैं। चंपाई सोरेन के पहले संयुक्त बिहार में 90 के दशक में कृष्णा मार्डी भी जेएमएम से बगावत कर नई पार्टी व नया गुट बना कर झारखंड में शेडो सीएम की भूमिका निभा चुके हैं, लेकिन आज वे राजनीतिक गलियारे में कहां खड़े हैं। बिहार में लालू यादव के नेतृत्व वाली जनता दल सरकार को समर्थन दिया था, लालू प्रसाद यादव के राइट हैंड बनकर झारखंड में अप्रत्यक्ष रुप से सीएम थे।

आज वही स्थिति पैदा हुई है लेकिन कृष्णा मार्डी की तरह वर्तमान समय में चंपाई सोरेन के पास विधायक नहीं है और न ही कोई राजनीतिक ताकत नज़र आ रही है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में जेएमएम के बागी ही चंपई सोरेन की नई पार्टी की ओर रुख कर सकते हैं। ईसाई और आदिवासी नेता जिसे जेएमएम की ओर से चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा, वैसे नेता ही चंपाई सोरेन के साथ जाना चाहेंगे।

ऐसी कई संभावनाएं हैं, जिस पर केवल वर्तमान में चर्चा ही हो सकती है लेकिन पहले 5 महीने के अपने मुख्यमंत्री के छोटे से कार्यकाल में चंपाई सोरेन अपनी छाप छोड़ गए जिसकी चर्चा झारखंड के लोगों की जुबान पर भी है। वैसे भी जल, जंगल और जमीन की लड़ाई से उभरकर कोल्हान क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाई है चंपाई दा जिसे कम आंकना भी जल्दबाजी होगा।

लेखक के बारे में

By Santosh Verma

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More