रांची पुलिस को मिली बड़ी सफलता, टीएसपीसी के तीन उग्रवादी गिरफ्तार
रांची: रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसमें पुलिस ने टीएसपीसी के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए तीनों उग्रवादी टीएसपीसी कमांडर दिवाकर गंझू के दस्ते के बताए जा रहे हैं. एसएसपी चंदन सिन्हा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की रांची पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की है. इस मामले में बुधवार को ग्रामीण एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि टीएसपीसी के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें बड़कागांव निवासी प्रकाश गंझु, हजारीबाग निवासी राहुल लहरी और रांची निवासी मोनू कुमार बड़ाईक शामिल है.
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से एक देशी कार्बाइन मैगजीन, 13 जिन्दा कारतूस, जिओ कम्पनी का राउटर और चार मोबाइल फोन बरामद हुआ है. साथ ही पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है. गिरफ्तार उग्रवादियों पर दर्जनों मामले दर्ज हैं. ग्रामीण एसपी ने बताया कि सूचना मिली थी कि मंगलवार की रात दामोदर नदी के किनारे बड़कागांव, केरेडारी और बुढ़मू थाना की सीमा पर स्थित ग्राम छापर में टीएसपीसी उग्रवादी जमा हुए हैं. इलाके में आतंक फैलाने व लेवी वसूलने और किसी बड़ी घटना का अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना की सत्यापन पर डीएसपी खलारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस को देख उग्रवादी भागने लगे. जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों उग्रवादियों पकड़ा है. छापेमारी के दौरान दो अन्य उग्रवादी अंधेरे का फायदा उठा फर्रार हो गए. फरार दोनों उग्रवादियों की खोजबीन जारी है.
