लापता एयरक्राफ्ट की खोज में जुटेगी भारतीय नौसेना, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने की पहल
रांची: जमशेदपुर के सोनारी से उड़ान भरने के बाद कल बीते मंगलवार को लापता हुए एयरक्राफ्ट की खोज में भारतीय नौसेना भी सहयोग करेगी. इस निमित्त सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को पत्र भेजकर नेवी के सहयोग का आग्रह किया था. जिला प्रशासन के आग्रह पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने सकारात्मक पहल करते हुए अधिकारियों को तुरंत मदद को कहा. इसके बाद नौसेना ने सक्रियता दिखाई है.
आज बुधवार की रात विशेष विमान से 15 लोगों की टीम, 4 हाइड्रोसेलर्स मशीन व अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ रांची पहुंचेगी. रांची से फिर यह टीम चांडिल के लिए रवाना होगी. कल सुबह से नौसेना की पूरी टीम चांडिल डैम में उक्त एयरक्राफ्ट की खोज शुरू करेगी.
बता दें कि कल टाटा सोनारी से उड़ान भरने के कुछ ही देर के बाद एक एयरक्राफ्ट लापता हो गया, जिसमें दो लोग सवार थे. स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन के बाद उसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि विमान चांडिल डैम में भी दुर्घटनाग्रस्त हो सकता है.
