कोडरमा: बंद समर्थकों ने महाराणा प्रताप चौक जाम कर आवाजाही किया ठप
कोडरमा: भारत बंद के दौरान बंद समर्थकों ने बुधवार को कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया शहर अंतर्गत महराणा प्रताप चौक को जाम कर दिया. अलग अलग दल के नेताओं और संगठनों से जुडे लोग हाथ में झंडा बैनर लिये जाम स्थल पर जमे हैं. महराणा प्रताप चौक रांची पटना मुख्य मार्ग से जुडा है. दोनों राज्यों से आने जाने वाले वाहन जाम में फंसे हैं. आवाजाही पूरी तरह ठप है. गौरतलब है कि बंद को झामुमो, कॉंग्रेस, आरजेडी एवं वाम दलों समेत भीम आर्मी के समर्थक अपना समर्थन दे रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर नारे लगा रहे हैं.
जाम स्थल पर कई नेता एवं कार्यकर्ता जमे हैं, जिसमें झामुमो के वरीय नेता श्याम देव यादव, कॉंग्रेस के वरीय नेता सईद नसीम, आरजेडी के जिला अध्यछ रामधन यादव, वाम दल नेता प्रकाश रजक एवं प्रकाश अम्बेडकर समेत अन्य कई मौजूद हैं. बंद समर्थक भाषण दे रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं. मौके पर अह्तियात के तौर पर पुलिस अधिकारी और फोर्स मौजूद है. गौरतलब है कि एसटी-एससी वर्ग के कोटे के अंदर क्रीमी लेयर लागू करने के फैसले के खिलाफ भारत बंद का आज आह्वान किया गया है, जिसका कोडरमा में व्यापक असर दिख रहा है .
