बगावत नहीं! अपना चश्मा ठीक करवाने दिल्ली गये थे चंपाई
रांची: अमूमन राजनीति में मासूमियत नहीं होती, भोलापन नहीं होता, सिर्फ पैतरेबाजियां होती है. लेकिन यदि आप झारखंड की जमीन पर खड़े होकर सियासत का मुआयना कर रहे हैं, उसकी बारीकियों को समझने की कोशिश रहे हैं, तो आपकी यह सोच बिल्कुल गलत हो सकती है. नहीं तो क्या आप यह विश्वास कर पायेंगे कि जिस चंपाई सोरेन को लेकर इन दिनों झारखंड की सियासत में बवाल कट रहा था. मीडिया कर्मियों से लेकर सियासतदानों में, उनके सीने में दफन ‘दर्द’ को समझने की होड़ मची थी, कभी गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करवायी जा रही थी तो कभी मामा शिवराज के साथ मीटिंग का दावा परोसा जा रहा था,असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के साथ गुफ्तगू की कहानी सुनाई जा रही थी.
वह चंपाई सोरेन महज एक टूटे चश्मा को बनाने के लिए सराईकेला स्थित आवास से अपने एस्कॉर्ट गाड़ी के साथ ‘भारी सुरक्षा व्यवस्था’ के बीच बाहर निकले, कोलकाता पहुंचे और वहां से ‘हवाई जहाज’ में उड़ते हुए सीधे दिल्ली में लैंड किया और फिर मीडिया कर्मियों से छुपते-छुपाते, ताकि किसी को कानो-कान इसकी भनक नहीं लगे, चश्मा की दुकान पर पहुंचे, अपनी आंख का पॉवर चेक करवाया और अपना टूटा चश्मा सौंप पूरे 48 घंटे तक नये चश्मे का इंतजार करते रहे, जैसे ही ‘आंख को नया चश्मा मिला’ एक बार फिर से दिल्ली से कोलकाता होते हुए सरायकेला स्थित आवास पर पहुंच गये.
टाइगर ऑफ कोल्हान का उल्टा चश्मा
पिछले तीन दिनों से जिस राज की खोज में देश का तमाम मीडिया और चैनल अपने-अपने रिपोर्टरों को डांट लगा रहे थें, पल-पल की रिपोर्टिंग मांग रहे थे, उसकी कुल जमा कहानी बस यही थी. लेकिन मीडिया तो मीडिया है, उसे तो तिल का तार बनाने की कला में महारत हासिल है, जहां तक अपने सोशल मीडिया एकाउंट से ‘अपमान बम’ का विस्फोट करने की बात है तो टाइगर ऑफ कोल्हान ने पहले ही इसकी सफाई दे दी है कि वह कब अपना ट्विटर हैंडल चलाते हैं, क्या यह बात झामुमो के रणनीतिकारों को मालूम नहीं है, इसके लिए एक टीम है, उसी ने कुछ लिखा होगा, फिलहाल इसकी जानकारी, उनके पास नहीं है.
वैसे, अब तक यह बात सामने नहीं आयी है कि ‘आंखों की रोशनी’अब सही सलामत है या अभी भी धुंधलापन है, क्योंकि कई बार नया चश्मा लगाने के बाद एडजस्ट होने में थोड़ा वक्त लगता है. इसके लिए आपको करीबन 10 दिनों का इंतजार करना होगा, दावा किया जा रहा है कि इन 10 दिनों में ‘आंखों का धुंधलापन’ पूरी तरह से दूर हो जायेगा, नया चश्मा पूरी तरह से काम करने लगेगा, और तब तक झारखंड की सियासत में जो भूचाल आया है, वह अनवरत चलता रहेगा. उसका सामना करना आपकी मजबूरी है. फिलहाल चंपाई दा अपने नए चश्मा का आनंद ले रहे हैं
