भारत बंद: मिलेजुले असर के बीच झारखंड पुलिस अलर्ट, सड़कों पर दिखे बंद समर्थक
रांची: ST-SC आरक्षण में क्रीमीलेयर से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बुधवार को विभिन्न आदिवासी व सामाजिक संगठनों के आहूत भारत बंद का राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में मिलाजुला असर देखने को मिला. राजधानी के अलग-अलग इलाकों डोरंडा, हरमू, रातु रोड, किशोरगंज, कांटाटोली, टुपुदाना, कटहल मोड़ समेत कई इलाकों में बंद समर्थक सड़कों पर नजर आए और खुलकर बंद के समर्थन में अपनी आवाजें बुलंद की।

बंद समर्थकों का कहना है कि कोर्ट के फैसले से एससी-एसटी के सभी वर्गों को समान रूप से आरक्षण के प्रावधान पर असर पड़ेगा। बंद को सत्ताधारी दलों झामुमो, कांग्रेस, राजद व सीपीआई समेत कई अन्य संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को एसटी-एससी आरक्षण पर क्रीमी लेयर बनाने को कहा था. इस फैसले के खिलाफ देश भर के कई राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के लोगों में गुस्सा है. झारखंड में भी भारत बंद को विभिन्न राजनीतिक दलों व संगठनों का समर्थन मिला है. एसटी-एससी आरक्षण में वर्गीकरण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ झामुमो ने भारत बंद का सक्रिय समर्थन करने का फैसला किया है. इसे देखते हुए राजधानी में लगभग सभी स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
झारखंड पुलिस अलर्ट मोड पर
भारत बंद के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर झारखंड पुलिस अलर्ट मोड पर है. एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर राजधानी रांची में जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं. पुलिस टीम सड़कों और कई अन्य इलाकों में गश्त भी कर रही है. राजधानी रांची में बंद समर्थक किसी तरह का उत्पात न मचाएं, इसके लिए 1500 से अधिक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. बल में रैप, जैप, आईआरबी, जिला बल, झारखंड जगुआर के अलावा क्यूआरटी भी शामिल है. राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर दमकल व वाटर कैनन की भी तैनाती की गई है. CCTV के जरिए पूरे शहर में बंद समर्थकों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

कोडरमा में सड़कों पर दिखे बंद समर्थक
भारत बंद के आलोक में बंद समर्थकों ने कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया शहर अंतर्गत महराणा प्रताप चौक को जाम कर दिया। बंद समर्थक अलग अलग दल के नेताओं और संगठनों से जुडे लोग हाथ में झंडा बैनर लिये जाम स्थल पर जमे नजर आए। रांची-पटना मुख्य मार्ग कई घंटों तक जाम नजर आया। जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी, वाम दलों और भीम आर्मी के समर्थकों ने जमकर अपनी मांगों को लेकर नारे लगाया। बंद समर्थक भाषण दे रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।
.jpg)
