राजनाथ सिंह की अमेरिका यात्रा से रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी मजबूती

नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अमेरिका की आधिकारिक यात्रा करेंगे। उनकी यह यात्रा भारत-अमेरिका रक्षा संबंध को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। माना जा रहा है कि इस यात्रा से भारत व अमेरिका की वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूती मिलेगी।
बुधवार को अमेरिका यात्रा के विषय में आधिकारिक जानकारी देते हुए रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राजनाथ सिंह 23 से 26 अगस्त तक अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। राजनाथ सिंह की यह यात्रा अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के निमंत्रण पर हो रही है। 23 अगस्त को अमेरिका पहुंचने के बाद वे यहां अपने अमेरिकी समकक्ष व अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, राजनाथ सिंह की यह यात्रा भारत और अमेरिका के संबंधों, विभिन्न स्तरों पर रक्षा संबंधों में लगातार हो रही प्रगति की पृष्ठभूमि में हो रही है। भारत का मानना है की रक्षा मंत्री की यह अमेरिकी यात्रा काफी महत्वपूर्ण है। इस यात्रा से भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी। साथ ही भारत और अमेरिका की साझेदारी और अधिक व्यापक होने की उम्मीद है।
