चंपाई सोरेन के अगले कदम पर सस्पेंस बरकार, झारखंड भाजपा कोर कमेटी की हुई बैठक

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री चंपाई सोरेन के अगले कदम को लेकर मंगलवार का दिन भी सस्पेंस में गुजर गया। वहीं दूसरी तरफ वर्तमान राजनीतिक हालात को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन से लेकर भाजपा के कैंप में सुबह से लेकर देर शाम तक रणनीति बनाने और बैठकों का दौर चलता रहा।

चंपाई सोरेन बीते रविवार जब अचानक कोलकाता से दिल्ली पहुंचे थे तो चर्चा इस बात की थी कि वह झामुमो के चार अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। हालांकि चंपाई ने दिल्ली पहुंचने पर इस संभावना को खारिज करते हुए अपने दौरे को निजी प्रवास बताया, लेकिन शाम होते ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट जारी कर कहा कि सीएम पद से उन्हें अपमानजनक तरीके से हटाया गया और अब उनके लिए तीन ही ऑप्शन बचे हैं। पहला यह कि वे राजनीति से संन्यास ले लें। दूसरा, अपनी अलग पार्टी बना लें। तीसरा, राह में कोई दोस्त मिल जाए तो उसके साथ चल पड़ें। उन्होंने जो तीसरा ऑप्शन बताया है, उससे यह कयास लग रहा है कि वह भाजपा का दामन थामेंगे।

वाया कोलकाता पहुंचे जमशेदपुर 

चंपाई सोरेन मंगलवार शाम दिल्ली से कोलकाता होते हुए वहां से सड़क मार्ग होते हुए जमशेदपुर पहुंचे। दिल्ली से कोलकाता रवाना होने से पहले हवाई अड्डे पर पत्रकारों ने उनसे भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, “दिल्ली में मेरी किसी भाजपा नेता से मुलाकात नहीं हुई और मुझे यह भी नहीं पता कि मेरे भाजपा में जाने की बात कौन कह रहा है? “

इस बीच चर्चा है कि चंपाई सोरेन को हेमंत सोरेन ने फोन किया और पार्टी के अध्यक्ष एवं अपने पिता शिबू सोरेन से उनकी बात कराई। सुलह होने की सूरत में वह झामुमो में ही बने रह सकते हैं। चंपाई सोरेन ने फिर यह बात दोहराई है कि वह किसी हाल में झामुमो को तोड़ने जैसा कदम नहीं उठा सकते। शिबू सोरेन उनके गुरु हैं और रहेंगे।

विधायकों ने हेमंत से की मुलाकात

चंपाई सोरेन के साथ झामुमो के जिन विधायकों के भाजपा में जाने की अटकलें लग रही थीं, वे मंगलवार दोपहर सीएम हेमंत सोरेन से मिलने उनके आवास पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, हेमंत सोरेन ने सभी विधायकों को समझाया और उनसे कहा कि हम हर विपरीत हालात में एक साथ रहे हैं और यह एकजुटता बरकरार रखने की जरूरत है। हेमंत के आवास से निकले विधायक रामदास सोरेन, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार ने कहा कि वे झामुमो छोड़ने की सोच भी नहीं सकते। उन्होंने कहा, “हमारे विरोधी कोरी अफवाहें उड़ा रहे हैं।”

GVbfqahaIAAZ4d9
प्रदेश भाजपा की कोर कमिटी की बैठक


भाजपा कोर कमिटी की बैठक

इधर, राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी चुनाव संबंधी तैयारियों को लेकर भाजपा की झारखंड प्रदेश कोर कमेटी की बैठक मंगलवार शाम को रांची स्थित प्रदेश कार्यालय हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद समीर उरांव, विधायक सह प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा, विधायक भानु प्रताप शाही सहित अन्य कई नेता मौजूद रहे। जबकि झारखंड प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं सह प्रभारी असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More