जोधपुर में बच्ची से रेप के आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

जोधपुर, 20 अगस्त (आईएएनएस)। राजस्थान के जोधपुर में तीन वर्ष की एक बच्ची के साथ रेप हुआ। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। सुकून शाला फाउंडेशन की तरफ से आरोपी को जल्द फांसी देने की मांग की गई है।

जोधपुर के सुकून शाला फाउंडेशन की तरफ से राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। फाउंडेशन ने इस ज्ञापन के माध्यम से तीन वर्षीय एक बच्ची के साथ रेप के आरोपी को फांसी देने की मांग रखी गई है।

सुकून शाला फाउंडेशन की तरफ से नमिता प्रजापत ने कहा कि जिस तरीके से तीन दिन पहले और राखी के एक दिन पहले तीन साल की बच्ची के साथ घिनौने कृत्य का मामला सामने आया, वो बहुत ही पीड़ादायक है।

उन्होंने कहा, ऐसी घटना हमारे लिए, पूरे देश के लिए और मानव जाति को शर्मसार करने वाली है। सरकार और जो भी जिम्मेदार लोग हैं, उनसे कहना चाहूंगी कि अगर कोई कदम नहीं उठाया जाएगा, तो जो लोग आज प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे भी 10 गुना ज्यादा लोग प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा, ऐसे आरोपी को जल्द से जल्द मौत की सजा देनी चाहिए, जिससे हजारों लोगों की रूह कांप उठे।

मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के पंडित राजेश दवे ने कहा कि धर्मनगरी जोधपुर में बालिका के साथ जो अत्याचार हुआ है, उससे पूरा जोधपुर स्तब्ध है। इसको लेकर महिलाओं में आक्रोश है। ऐसे घिनौने कृत्य करने वाले आरोपी को सरकार तत्काल कार्रवाई कर सात दिन के अंदर फांसी के फंदे पर लटकाए।

उन्होंने कहा, जोधपुर में पिछले कुछ समय से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी घटनाओं को रोकना पड़ेगा और दरिंदों को तुरंत फांसी देनी पड़ेगी।

बता दें कि पूरा मामला शनिवार रात का है। तीन वर्ष की बच्ची अपने मां के साथ मंदिर के बाहर सो रही थी। रात में करीब 12 बजे आरोपी हरीश (45) बच्ची को आइसक्रीम खिलाने के बहाने ले गया और उसके साथ रेप किया। सुबह में बच्ची सड़क पर कपड़े में लिपटी हुई मिली।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है और आगे कार्रवाई की जा रही है।

–आईएएनएस

एससीएच/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More