भाजपा के चंगुल में फंसने से बच गये चंपाई! टाइगर ऑफ कोल्हान को लेकर महागठबंधन में नये सिरे से विचार

रांची: विधानसभा चुनाव के ठीक पहले ‘अपमान बम’ फोड़ कर सीएम हेमंत के सामने सियासी संकट पेश करने वाले पूर्व सीएम चंपाई राजनीति के चौराहे पर खड़े दिखलाई दे रहे हैं. इस ‘ऑपेरशन कमल’ में विधायकों का साथ नहीं मिलने के कारण सपना चूर होता नजर आ रहा है और बदली हुई सियासी परिस्थितियों में अब भाजपा भी अपने वादे से मुकरती नजर आ रही है. फिलहाल वह नभा नुकसान का आकलन करती हुई दिख रही है, इस बात पर मंथन जारी है कि चंपाई सोरेन को पार्टी में शामिल होने का लाभ होगा या फिर झामुमो में फूट डालने का एक और आरोप चस्पा होगा. लोकसभा चुनाव के पहले सीता सोरेन और गीता कोड़ा को साथ लाने का हश्र भी सामने है. पार्टी आदिवासी बहुल सभी सीटों से सफाया हो गया. माना जाता है कि‘ऑपेरशन कमल’ का आदिवासी-मूलवासी समाज के बीच  गलत संदेश गया. आदिवासी-मूलवासी अस्मिता की लड़ाई लड़ने का दावा करने वाले झामुमो को संसाधनों के बल पर बर्बाद करने का आरोप लगा. साथ ही हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी भी एक बड़ा मुद्दा बन गया, इस हालत में झामुमो के अंदर एक और ऑपेरशन कमल’ का अंजाम भी बूरा हो सकता है.

भाजपा के रणनीतिक प्रबंधन में चंपाई सोरेन का सियासी बंटाधार

अब भाजपा की इस दुविधा या सियासी रणनीति में बंटाधार तो चंपाई सोरेन का ही होना था. कोलकता से दिल्ली पहुंचते ही अपने सोशल मीडिया हैंडल से मंत्री का टैग तो हटा दिया, साथ ही ‘अपमान बम’ का विस्फोट कर झामुमो से अपना रिस्ता भी तोड़ लिया, हालांकि अभी तक मंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिश्ते तल्ख हो चुके हैं. कुल मिलाकर चंपाई सोरेन अपने सियासी चाहत में झामुमो से भी दूर हो गयें और भाजपा का दरवाजा भी नहीं खुला. इस संकट के बीच चंपाई सोरेन यह दावा कर एक और सियासी चर्चा को तेज कर दिया कि दिल्ली में 48 घंटों की मौजूदगी के बावजूद सीएम हेमंत ने बात करने की कोई कोशिश नहीं की. अब इस बयान को अलग-अलग नजरिये से समझने की कोशिश की जा रही है.

होने लगा भूल का एहसास

कई सियासी जानकारों का मानना है कि चंपाई सोरेन को अपनी भूल का एहसास होने लगा है.  इस बात का भान हो चुका कि वह भाजपा के ट्रैप में फंस चुके हैं. भाजपा की पहली रणनीति झामुमो से दूर करने थी. यही कारण है कि विधायकों का समर्थन हासिल नहीं होने के बावजूद उनसे ‘अपमान बम’ का विस्फोट करवाया गया, चंपाई सोरेन के सोशल मीडिया एकाउंट से जिस बम को फोड़ा गया था. दरअसल उसकी स्क्रिप्ट कहीं और तैयार हुई थी. हालांकि सीएम की कुर्सी जाने का दर्द सीने में दफन जरुर था. लेकिन वह इस सीमा तक जाना नहीं चाहते थें. लेकिन दिल्ली में जब यह स्क्रिप्ट थमाया गया तो इस बात का भरोसा  भी दिलाया गया कि जल्द ही औपचारिक एंट्री करवा ली जायेगी. यह सब कुछ तो उसका पहला कदम है.  लेकिन जैसे ही सोशल मीडिया एकाउंट से यह ट्वीट बाहर आया, पर्दा गिरा दिया गया, टाल मटोल की शुरुआत हो गयी, ऑफर वापस लिया जा चुका था, नयी शर्तों को थोपने की कोशिश की जाने लगी, बेटे को टिकट के आश्वासन के साथ ही सौदा मंजूर करने का निर्देश दिया गया. जिसके बाद चंपाई सोरेन को अपनी भूल का एहसास होने लगा. और दिल से यह आवाज आयी कि इस बीच किसी ने भी उनसे सम्पर्क करने की कोशिश नहीं की.

महागठबंधन के अंदर से चंपाई सोरेन को लेकर नयी सोच

दरअसल इस नजरिये के बल इस बात से भी मिल रहा है कि अब महागठबंधन के अंदर से भी चंपाई सोरेन को लेकर नये सिरे से  सोच उभरता दिख रहा है. पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दावा किया है कि चंपाई सोरेन भाजपा के ट्रैप में फंसने से बच गये हैं.  कुछ इसी तरह का संदेश सीएम हेमंत भी दे रहे हैं, सीएम हेमंत अब तक चंपाई सोरेन पर कोई सीधी प्रतिक्रिया देने से बचने की कोशिश करते दिख रहे हैं.  हालांकि वह यह जरुर कह रहे हैं कि भाजपा ने पहले घर तोड़ा, फिर मुझे जेल भेजा और अब पार्टी तोड़ने की साजिश रची जा रही है. भाजपा में पहले से ही पूर्व मुख्यमंत्रियों की भरमार है. इशारा साफ है कि यह संदेश या चेतावनी चंपाई सोरेन के लिए था. यह समझाने की कोशिश थी कि जिस पार्टी में बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास और पीछे से मधु कोड़ा की मौजूदगी हो, वहां क्या मिलने वाला है?  पूर्व मुख्यमंत्रियों की सूची में एक आपका नाम भी होगा. सीएम की कुर्सी तो नहीं मिलने वाली है. मंत्री तो झामुमो के साथ भी थें, कल यदि इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो फिर राज्यपाल की चाहत को भी पूरा किये जाने की संभावना थी. साथ ही जिस जल जंगल और जमीन की अब तक सियासत की है. आदिवासी अस्मिता और पहचान की लडाई लड़ी है, उसकी विरासत भी साथ रहती.

भाजपा में जाने के बाद विभीषण का दर्जा

लेकिन भाजपा में जाने के बाद विभीषण के दर्जे से ज्यादा हासिल क्या होगा? जिसकी शुरुआत कहे अन-कहे हो चुकी है. तो क्या यह माना जाय कि सियासी चौराहे पर खड़े और एक हद तक असहाय हालात में पहुंचा दिये गए दिशोम गुरु के इस पुराने सिपहसलार को इस संकट से निकालने की जमीन तैयार की जा रही है. भले ही. अभी यह अभी प्रारम्भिक अवस्था में है. लेकिन यदि चंपाई सोरेन सार्वजनिक रुप से भूल को स्वीकार करते हैं तो इसकी गति तेज भी हो सकती है. भतीजा हेमंत नरम भी पड़ सकता है. फिलहाल इस नतीजे के लिए हमें इंतजार करना होगा, देखना होगा कि झारखंड आने के बाद चंपाई सोरेन का रुख क्या रहता है? इस बीच चंपाई सोरेन के विधायक प्रतिनिधि ने भी इस बात का खंडन किया है कि उनके आवास से झामुमो का झंडा उतार दिया गया है. विधायक प्रतिनिधि ने दावा किया है कि इस तरह को कोई निर्देश नहीं मिला है. यदि झंडा नहीं है, तो लगा दिया जायेगा. साफ है कि अंदरखाने कुछ चल रहा है.  बगावत को नियंत्रित करने के साथ ही और भी कई मोर्चे पर लड़ाई लड़ी जा रही है.   

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More