कोडरमा: पुलिस ने किया शराब तस्करों का प्रयास विफल, कार से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त
कोडरमा: जिला में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शराब तस्करों का तस्करी का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया है. पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में शराब जब्त की है. दरअसल, पुलिस अधीक्षक कोडरमा को गुप्त सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार में भारी मात्रा में शराब लोड कर कोडरमा घाटी होते हुए बिहार की ओर ले जाई जा रही है. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोडरमा थाना के पेट्रोलिंग दल और पीसीआर-1 टीम को गांधी चौक, कोडरमा के पास नाका लगाने का निर्देश दिया.
जल्द ही, सफेद रंग की SX4 कार (वाहन संख्या-WB06E-2268) नाके के पास पहुंची. पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन चालक ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया. इसके बाद पीसीआर वाहन ने तुरंत उसका पीछा किया. पुलिस का पीछा करने पर, चालक और वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति ने बागीटांड़ चेकनाका के पास कार छोड़ दी और जंगल एवं अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध शराब पाई गई. तलाशी के क्रम में पुलिस को Royal Stag (750 ml) – 144 बोतलें एवं Sterling Reserve (325 ml) – 66 बोतलें बरामद हुई.
