एमपॉक्स अलर्ट: स्वास्थ्य मंत्रालय ने हवाई अड्डों को सतर्क रहने को कहा

स्वास्थ्य : विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ओर से एमपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी हवाई अड्डों को सतर्क रहने और अधिकारियों को निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। अफ्रीका के बाहर स्वीडन और पाकिस्तान में मामलों के सामने आने के बाद एहतियात के तौर पर केंद्र ने बांग्लादेश और पाकिस्तान की सीमा पर स्थित लैंड पोर्ट और सभी हवाई अड्डों पर अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार फिलहाल देश में एमपॉक्स का कोई मामला सामने नहीं आया है. मौजूदा आकलन के अनुसार, निरंतर संक्रमण के साथ बड़े पैमाने पर प्रकोप का जोखिम कम है, 

दिल्ली में तीन अस्पताल तय

एमपॉक्स के रोगियों के प्रबंधन, उनके अलगाव और उपचार के लिए, केंद्र सरकार ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और लेडी हार्डिंग अस्पताल को नोडल केंद्र के रूप में तय किया है। इसके अलावा देश में 32 प्रयोगशालाएँ एमपॉक्स के परीक्षण के लिए सुसज्जित हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया है कि रोग के शीघ्र निदान के लिए परीक्षण प्रयोगशालाओं के नेटवर्क को तैयार किया जाना चाहिए। 

राज्य सरकारों को निर्देश

रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्र ने सभी राज्य सरकारों को अपने अधिकार क्षेत्र के तहत ऐसे नामित अस्पतालों की पहचान करने का निर्देश दिया है। गुरुवार को, स्वीडन की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने कहा कि उसने क्लेड 1बी उपवर्ग का एक मामला दर्ज किया है, जो अफ्रीका के बाहर निदान किया जाने वाला पहला मामला है। पाकिस्तान ने अब तक एमपॉक्स के तीन मामले दर्ज किए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “वायरस को क्लेड 2बी के रूप में वर्गीकृत किया गया है।”

एमपॉक्स के मामले

महामारी के केंद्र, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में एमपॉक्स के मामलों में वृद्धि देखी गई है। देश में अब तक लगभग 16,000 मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे 548 लोगों की मौत हो चुकी है।

लेखक के बारे में

By Nivedita Jha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More