कोडरमा: पत्नी की आत्महत्या मामले में कांस्टेबल पति हिरासत में, सर्विस रिवाल्वर भी जब्त

कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र के विशनपुर रोड में जिला बल के आरक्षी शक्ति शिवम सिंह की पत्नी अंजली देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. घरेलू विवाद में विवाहिता के फांसी लगाने की बात सामने आ रही है. मृतका 8 महीने की गर्भवती भी थी. जानकारी के मुताबिक मृतिका का पति आरक्षी शक्ति शिवम सिंह कोडरमा न्यायिक दंडाधिकारी के अंगरक्षक के तौर पर कार्यरत है. घटना की जानकारी मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुँची और आरक्षी के सर्विस रिवाल्वर को जब्त कर उसे हिरासत में लेकर थाने लेते आई हैं जहाँ उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है. 

बता दें कि बिहार के छपरा के रहने वाले शक्ति शिवम सिंह के पिता की मौत के बाद साल 2015 में उसे अनुकम्पा पर नौकरी मिली थी और दिसम्बर 2023 में ही उसकी शादी समस्तीपुर की रहने वाली अंजली से हुई थी. शादी के बाद से ही शक्ति शिवम सिंह और अंजली के बीच विवाद होता रहता था. विवाद की यह बात कई बार थाने तक पहुंची और दोनों के बीच सुलह भी कराया गया. मृतका के परिजनों के अनुसार शक्ति शिवम प्रतिदिन शराब पीकर घर आता था और अपनी पत्नी अंजली के साथ मारपीट किया करता था. इसके अलावा ससुराल के अन्य लोगों पर भी प्रताड़ित करने का आरोप मृतका के परिजनों ने लगाया है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और दोनों पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है.

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More