विश्व मच्छर दिवस: झारखंड में डेंगू के बढ़ते मामले बढ़ा रहे टेंशन, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

रांची: विश्व मच्छर दिवस हर साल 20 अगस्त को दुनिया भर में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य मलेरिया, पीला बुखार, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी विभिन्न बीमारियों के बारे में लोगों में जागरूकता को बढ़ाना है जो मच्छरों से फैलती है साथ ही इन बीमारियों के खिलाफ़ डॉक्टरों के योगदान को भी याद करना है। इस दिवस का मुख्य लक्ष्य मच्छरों से होने वाली बीमारियों के खतरों को रोकने की दिशा में विभिन्न संगठनों के टीकाकरण और कीट निरोधक द्वारा बीमारियों को नियंत्रित करने के उपायों को बढ़ावा देना भी है।
मच्छरों से फैलने वाली मलेरिया, चिकनगुनिया, पीला बुखार,डेंगू, जीका वायरस और वेस्ट नाइल वायरस जैसी बीमारियों से हर साल दुनिया भर में लाखों लोग प्रभावित होते हैं और उनकी जान जाती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हर साल मच्छर जनित बीमारियों से दुनिया में 10 लाख से अधिक लोग मरते हैं। वहीं भारत में भी मच्छर जनित बीमारी मलेरिया के ही 15 मिलियन मामले हैं और हर साल लगभग 19,500-20,000 मौतें होती हैं।
वहीं झारखंड में भी यदि मच्छर से होने वाली बीमारी डेंगू के आंकड़ों को देखा जाए तो केवल बीते 5 सालों में ही डेंगू के लगभग 4 हजार मामले सामने आए हैं हालांकि मौत का आंकड़ा नगण्य है, केवल 5 लोगों की जान गई है। इन आंकड़ों में सबसे ज़्यादा मामले 2023 में 2578 मामले सामने आए तो वहीं सबसे कम मामले 2020 में केवल 79 दर्ज किए गए। 2020 में ही कोविड-19 के प्रभाव की वजह से मामलों की संख्या में कमी रही। कोरोना के ठीक पहले साल 2019 में 825 मामले सामने आए थे तो इसी तरह कोरोना के पहले दौर के बाद 2021 में 220, 2022 में 290 मामले सामने आए। इसी तरह जून 2024 तक झारखंड में डेंगू के 76 मामले सामने आ चुके हैं।
2024 के विश्व मच्छर दिवस की थीम है “अधिक न्यायसंगत दुनिया के लिए मलेरिया के खिलाफ़ लड़ाई को तेज़ करना”। इस वर्ष की थीम में मलेरिया के उपचार, निदान और रोकथाम तक पहुँच में अंतर को कम करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया है। समय पर निदान और उपचार से समस्याओं को टाला जा सकता है और अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है। मच्छरों की सबसे बड़ी आबादी वाले देश ब्राज़ील, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और फिलीपींस हैं। मच्छरों की सबसे बड़ी संख्या वाले देश ब्राज़ील, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड हैं। मच्छर इंसानों के लिए सबसे ख़तरनाक ख़तरा हैं।
1897 में सर रोनाल्ड रॉस ने सबसे पहले ये खोज की थी की एनोफ़ेलीज़ मच्छर के कारण ही लोग मलेरिया से संक्रमित होते हैं। डॉ. रॉस अपने इस खोज को याद रखने के लिए इस दिन को ‘मच्छर दिवस’ नाम दिया। यह पहली बार था जब किसी मेडिकल प्रोफेशनल ने मलेरिया को मच्छर से जोड़ा। इस खोज ने बीमारी की रोकथाम और उपचार योजना के विकास में सहायता की।
