गिरिडीह विधानसभा चुनाव 2024: सुदिव्य के सामने भाजपा का चेहरा कौन?
रांची: उत्तरी छोटानागपुर पठार में स्थित गिरिडीह में कभी मुंडा जनजाति की पारंपरिक शासन व्यवस्था हुआ करती थी. अकबर के शासनकाल में यह क्षेत्र मुगल साम्राज्य का हिस्सा बना. पूरा इलाका घने जंगलों से आच्छादित है जिसमें तिसरी और गांवा प्रखंड में अयस्कों की बहुलता है. बेहद उम्दा क्वालिटी की कोयला की खदानें हैं. पारसनाथ की पहाड़ी पर ही जैनियों का प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सम्मेद शिखरजी अवस्थित है. इसके साथ ही उसरी फॉल, खंडोली बांध के साथ ही कई दूसरे दर्शनीय स्थल हैं. यदि हम गिरिडीह सदर विधानसभा के इतिहास को टटोलने की कोशिश करें तो वर्ष 1952 से अब तक इस विधानसभा सीट पर कुल 16 चुनाव हुए हैं, इसमें से पांच बार कांग्रेस, चार बार भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी, तीन बार भारतीय जनता पार्टी, दो बार झारखंड मुक्ति मोर्चा, एक बार झाविमो और एक बार कामाख्या नारायण सिंह को CNPSPJP से जीत मिली है.
कृष्णबल्लभ सहाय की स्मृतियों से है जुड़ा
गिरिडीह सदर विधानसभा सीट से कृष्णबल्लभ सहाय ने 1952 में हुए पहले चुनाव में जीत हासिल कर बिहार सरकार में राजस्व मंत्री का पद संभाला था। बाद के दिनों में वह बिहार के चौथे मुख्यमंत्री भी बने. हाल के समय में भाजपा के निर्भय कुमार शाहाबादी ने इस सीट पर अपनी सियासी जमीन को मजबूत किया, 2009 में वह झाविमो के टिकट पर तो 2014 के चुनाव में वह भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते, लेकिन 2019 में सुदिव्य कुमार सोनू के हाथों करीबन 24 हजार मतों से मात खानी पड़ी. सीएम हेमंत सोरेन के बेहद करीबी सुदिव्य कुमार सोनू और निर्भय कुमार शाहाबादी की सियासी प्रतिद्ंदिता बीते एक दशक से हो रही है.
लालटेन से शुरु हुई शाहाबादी का सियासी सफर
निर्भय कुमार शाहाबादी की सियासत की शुरुआत राजद के साथ 2000 के विधानसभा चुनाव से होती है, तब उन्होंने भाजपा के चन्द्रमोहन प्रसाद को चुनौती पेश की थी, लेकिन 24,722 के साथ चन्द्रमोहन प्रसाद ने जीत की वरमाला पहनी थी तो 23,697 को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. साफ है कि जीत हार का अंतर बेहद कम था, लेकिन वर्ष 2005 में मुन्ना लाल ने 31,895 के साथ पहली बार इस सीट पर झामुमो का झंडा बुंदल कर दिया,
भाजपा के चन्द्रमोहन प्रसाद को इस बार 24,920 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करने को बाध्य होना पड़ा, जबकि राजद के लालटेन के साथ इस बार निर्भय शाहबादी 21,029 तीसरे स्थान पर पहुंच गये लेकिन वर्ष 2009 आते-आते निर्भय शाहबादी ने 28,771 वोट के साथ इस सीट पर पहली बार झाविमो का झंडा फहराने में कामयाबी हासिल की. झामुमो से बेकिट किये जा चुके मुन्ना लाल ने निर्दलीय अखाड़े में कूद कर 21,669 के साथ दूसरा स्थान पर कब्जा किया, भाजपा के चन्द्रमोहन प्रसाद को इस बार 18,283 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.
वर्ष 2009 के इसी मुकाबले से गिरिडीह के सियासी अखाड़े में सुदिव्य कुमार सोनू की एंट्री होती है, इस बार झामुमो ने मुन्ना लाल को बेटिकट करते हुए सुदिव्य कुमार सोनू पर दांव खेला. लेकिन सुदिव्य कुमार सोनू को महज 8,272 के साथ पांचवे स्थान पर संतोष करना सिमटना पड़ा. 2014 में भी निर्भय शाहबादी ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा. लेकिन झंडा बदल चुका था, इस बार उन्होंने भाजपा की सवारी कर 57,450 वोट के साथ ही जीत की वरमाला पहनी थी तो सुदिव्य कुमार सोनू भी 8,272 से लम्बी छलांग लगाते हुए 47,517 के साथ दूसरा स्थान पाने में कामयाब रहे. जबकि झाविमो के टिकट पर खुद मोर्चा संभाल रहे बाबूलाल मरांडी को 26,665 के साथ तीसरे स्थान पर सिमटना पड़ा था. साफ था कि सुदिव्य कुमार सोनू का ग्राफ तेजी से उभार ले रहा था. दिनों दिन गिरिडीह की सियासत में पकड़ मजबूत हो रही थी और इसका परिणाम वर्ष 2019 में देखने को मिला, जब सुदिव्य कुमार सोनू ने 80,871 के साथ दूसरी बार इस सीट से झामुमो का झंडा बुलंद करने में कामयाबी हासिल की. सुदिव्य कुमार सोनू को 80,871 के साथ जीत मिली तो निर्भय कुमार शाहबादी को 64,987 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.
ताल ठोकने को बेकरार हैं निर्भय शाहबादी
इस बार भी गिरिडीह विधानसभा से निर्भय कुमार शाहबादी एक बार फिर से ताल ठोकने को बेकरार हैं. इलाके में मजबूत पकड़ भी है, हालांकि, अभी इसका फैसला होना बाकी है कि भाजपा पुराने चेहरे पर ही दांव लगाती है या फिर समय और हालात को देखते हुए नये चेहरे को आगे करती है, जहां तक झामुमो की बात है तो सुदिव्य कुमार सोनू का इस बार भी मोर्चे पर उतरना पक्का माना जा रहा है. सुदिव्य कुमार सोनू को पार्टी के अंदर से भी कोई चुनौती मिलती नहीं दिख रही है, जबकि निर्भय कुमार शाहाबादी की चाहतों के सामने दर्जन भर चेहरों की चुनौतियां है.
मैदान में कूदने को बेकरार विनय कुमार सिंह

विनय कुमार सिंह एक सेवानिवृत इंजीनियर हैं. सेवानिवृति के बाद से लगातार सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं, इसके साथ ही भाजपा ओबीसी मोर्चा में भी वह सक्रिय हैं, इस बार इनकी भी चाहत गिरिडीह के अखाड़े से ताल ठोंकने की है. पिछड़ा बहुल गिरिडीह में वह भाजपा के एक मजबूत पिछड़ा कार्ड साबित हो सकते हैं.
महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शालिनी वैशखियार

दावेदारों की सूची में एक नाम महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शालिनी वैशखियार का भी है. फिलहाल शालिनी वैशखियार महिला मोर्चा के बनैर तले हेमंत सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क पर संघर्ष करती देखी जा रही हैं.
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज साहू की दावेदारी

दिनेश प्रसाद यादव भी ठोक रहे हैं ताल

एक नाम दिनेश प्रसाद यादव का भी है, दिनेश प्रसाद यादव फिलहाल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हैं इसके साथ ही कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के सांसद प्रतिनिधि भी हैं. गिरिडीह नगर परिषद के अध्यक्ष भी रहे हैं, इलाके में इनकी एक मजबूत सामाजिक पहचान है, पिछड़ा वर्ग से आने के कारण इनकी भी दावेदारी को मजबूत मानी जा रही है. इसके साथ ही जिला अधिवक्ता संघ के सचिव चुन्नूकांत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रकाश सेठ, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री प्रो विनिता कुमारी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान, भाजपा जिलामंत्री संदीप डंगाइच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्याम प्रसाद भी ताल ठोंकने के बेकरार है, इस हालत में देखना होगा कि भाजपा किस चेहरे पर दांव लगाती है. हालांकि निर्भय शाहबादी टिकट को लेकर बेहद आशान्वित हैं. उनके चेहरे पर कोई संशय की स्थिति नहीं दिखती.
