पूर्व सीएम चंपाई की दिल्ली में भाजपा नेताओं से बातचीत जारी!

रांची: पिछले चंद दिनों से झारखंड की सियासत में सुर्खियां बटोर रहे पूर्व सीएम चंपाई के आज शाम कोलकता पहुंचने की संभावना है. चर्चा है कि कोलकता से वह सड़क मार्ग से अपने सराईकेला स्थित घर लौटेंगे. इस बीच केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से बातचीत जारी रहने की भी खबर है. लेकिन यह बातचीत किस अंजाम तक पहुंची, इसकी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है. निकटवर्ती सूत्रों का दावा है कि यदि भाजपा के साथ बात नहीं बनती है तो वह जीतन राम मांझी की तरह खुद की पार्टी खड़ा करने के विकल्प को चुन सकते हैं।
सीएम पद से जबरन हटाने का आरोप
आपको याद दिला दें कि दिल्ली पहुंचने के बाद चंपाई सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स से मंत्री का टैग हटाकर पूर्व सीएम झारखंड लिखा था, साथ ही एक पत्र जारी कर सीएम पद से जबरन हटाने का आरोप भी लगाया था. पत्र में उन्होंने दावा किया था सीएम पद से इस्तीफा देने को उन्हें मजबूर किया गया और इसके कारण उनकी प्रतिष्ठा और आत्मसम्मान को ठेस पहुंची. हालांकि इन तमाम घटनाक्रमों के बीच उन्होंने मंत्री पद से अपना इस्तीफा अभी तक नहीं सौंपा है. इस हालत में देखना होगा कि वह मंत्री पद से अपना इस्तीफा कब सौंपते हैं.
याद रहे कि जब चंपाई सोरेन ने कोलकता से दिल्ली की उड़ान भरी थी, तब यह दावा किया गया था कि उनके साथ कोल्हान के करीबन छह विधायक है. जो दूसरे रास्ते दिल्ली पहुंच रहे हैं, लेकिन एक भी विधायक दिल्ली नहीं पहुंचा, एक-एक कर सभी विधायकों ने सीएम हेमंत के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की. मंगलवार को भी घाटशिला विधायक रामदास सोरेन सीएम हेमंत से मुलाकात करने रांची पहुंचे तो इसके पहले दशरथ गागरई और समीर मोहंती ने भी झामुमो के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की थी, इस हालत में कोल्हान का एक भी विधायक चंपाई के साथ खड़ा नजर नहीं आया. कहा जा रहा है कि इसकी वजह से ही फिलहाल भाजपा में उनकी एंट्री टल गयी है, अब चंपाई सोरेन के सियासी भविष्य को लेकर नये सिरे से भाजपा में मंथन किये जाने की खबर है.
