गजब का आत्म विश्वास! चाचा चंपाई के बगावत के बीच सीएम हेमंत का चुनाव की चुनौती
.jpg)
रांची: चाचा चंपाई की बगावत के बाद जहां भाजपा के हौसले बुंलद है. चंपाई की नैया पर सवार होकर उसे अपनी चुनावी बैतरणी पार लगती नजर आ रही है. झारखंड की सियासत में अचानक से चंपई सोरेन भाजपा का नायक बन कर उभरे हैं, हर नेता शान की कसीदे पढ़ रहा है. यहां तक कि चुनाव सह प्रभारी बनाये गये हिमंता विस्व सरमा भी चंपाई के पांच महीनों के कार्यकाल की मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहे हैं, कल तक सियासी पसोपेश में दिख रही भाजपा चंपाई सोरेन को अपनी ‘संजीवनी बूटी’ मान रही है, लेकिन सीएम हेमंत को चंपाई सोरेन की जुदाई से कोई अंतर ही नहीं पड़ा रहा है, वह तो अपने उसी पुराने अंदाज में भाजपा को किसी भी वक्त चुनावी दंगल में उतरने की चुनौती दे रहे हैं. चाचा चंपाई की विदाई और जुदाई को भाजपा एक और षडयंत्र बताते हुए वह इस बात का दावा कर रहे हैं कि पहले घर तोड़ने की कोशिश हुई अब मंत्री खरीदने की कोशिश, लेकिन इसका कोई असर नहीं होने वाला है, जिस संस्था को भी चुनाव करवाना है, करवा लें, हर दिन तारीख क्यों बढ़ाई जा रही है, हिम्मत है तो चुनाव की तारीखों का एलान करो, और फिर अपना हश्र देखो. झारखंड से भाजपा का सफाया दीवार पर लिखी हुई इबारत है, जिसे हर झारखंडी पढ़ रहा है.
कहां से आ रहा है यह आत्मविश्वास
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह आत्मविश्वास आ कहां से आ रहा है? इसका स्रोत क्या है? क्या झामुमो और महागठबंधन वाकई अपनी जीत के प्रति इस हद तक आत्म विश्वास से लबरेज है कि उसे भाजपा की ओर से कोई मजबूत चुनौती मिलती नहीं दिख रही है, या फिर यह महज अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बनाये रखने की रणनीति भर है? सियासी विश्लेषकों की माने तो मौजूदा हालात में झामुमो के पास एक बढ़त की स्थिति जरुर है, यह ठीक है कि भाजपा लगातार इस खाई को पाटने की कोशिश में लगी हुई है, लेकिन संताल से लेकर कोल्हान तक जो स्थिति है, वह चंपाई सोरेन की एंट्री से बदलने वाली नहीं है. बहुत हुआ हुआ तो एक दो सीटों पर इसका असर पड़ सकता है, खास कर सराईकिला की सीट जहां से फिलहाल चंपाई सोरेन विधायक हैं, लेकिन इससे बड़ा कोई चमत्कार नहीं होने वाला, उधर संताल में निशिकांत के खिलाफ विधायकों और कार्यकर्ताओं की जो बगावत है, वह भी एक बड़ी समस्या है, यदि समय रहते घर को दुरुस्त करने की कोशिश नहीं की तो भाजपा के अंदर से ही बगावत की तस्वीरें आने की शुरुआत हो सकती है. खास कर संताल में एक बड़ा खेला हो सकता है. दूसरी ओर चंपाई की बगावत ने हेमंत सोरेन के हाथ में एक मुद्दा पकड़ा दिया है, यह ठीक है कि भाजपा की कोशिश चंपाई सोरेन की बगावत को परिवारवाद के खिलाफ हथियार के रुप में प्रस्तूत करने की है, लेकिन यह भी एक सच है कि इसी हेमंत के चेहरे पर 2019 में भाजपा का सत्ता से विदाई हुई थी. यानि झामुमो का जो कोर वोटर है, उसके बीच ना तो परिवारवाद मुद्दा है, और ना ही बांग्लादेशी घुसपैठियां का दावा. चंपाई सोरेन की विदाई का दूसरा पक्ष यह भी है कि अब आदिवासी-मूलवासियों के बीच इस संदेश को प्रचारित किया जायेगा कि भाजपा ने पहले सीएम हेमंत को बगैर कोई अपराध के जेल भेजने की साजिश रची, लेकिन कोर्ट ने सारे आरोपों को खारिज कर हेमंत सोरेन की बेगुनाही पर अपनी मुहर लगी दी. उसके बाद सीता सोरेन के रुप में परिवार को तोड़ा, अब जिस चंपाई पर सबसे ज्यादा भरोसा था, परिवार के दूसरे सदस्यों की चाहत को ठुकरा कर जिस चंपाई सोरेन के सिर पर ताज रखा गया था, उसे भी खरीद लिया गया.
विधानसभा चुनाव में भी लोकसभा चुनाव की गोलबंदी
झामुमो के रणनीतिकारों को इस बात का पूरा इत्मिनान है, इस बार भी आदिवासी-मूलवासी समाज उसके साथ रहेगा, लोकसभा चुनाव के वक्त जो गोलंबदी देखने को मिली थी, विधान सभा चुनाव में उसकी झलक सामने आयेगी. अब देखना होगा कि चुनावी दंगल में किसका यकीन खरा उतरता है. लेकिन इतना तय है कि चुनावी रणभेरी के बीच हेमंत की दहाड़ जारी है, एक के बाद एक योजनाओं की शुरुआत हो रही है, वह चाहे मंईया सम्मान योजना हो, अबुआ आवास योजना, किसानों की कर्ज माफी हो या दूसरी सौगात, हेमंत सरकार पूरे चुनावी मोड़ पर है, दूसरी तरफ भाजपा में अब तक यह भी साफ नहीं है कि यदि उसकी सरकार बनी तो चेहरा कौन होगा? क्या एक बार फिर से किसी गैर आदिवासी को सीएम की कुर्सी पर बैठाया जायेगा? आज भले ही वह बाबूलाल, अर्जुन मुंडा और यदि चंपाई सोरेन की एंट्री होती है तो उनके चेहरे पर भाजपा को अपना वोट दे दे, लेकिन इस बात क्या गारंटी है कि इन्ही तीनों से ही किसी एक को सीएम की कुर्सी पर बैठाया जायेगा? चेहरा का यह अभाव भाजपा की कमजोरी भी है और ताकत भी, कमजोरी इस मायने में 2014 के प्रयोग के बाद आदिवासी समाज का डर अभी दूर नहीं हुआ है, और ताकत इस मायने में कि यदि अभी से चेहरे घोषित कर दिया गया तो सत्ता संघर्ष को जो घमसान अंदर जारी है, सब कुछ बाहर आ जायेगा. दरअसल भाजपा के अंदर अभी से ही कई गुट है. वह चाहे बाबूलाल और अमर बाउरी के बीच का रश्काकसी हो या फिर अर्जन मुंडा की चाहत, या फिर इन सब से अलग निशिकांत की रणनीति, जिस अंदाज में निशिकांत कभी संथाल को झारखंड से अगल करने का राग अलापते हैं, तो कभी पिछड़ी जातियों के लिए 27 फीसदी आरक्षण की मांग कर बाबूलाल के कटघरे में खड़ा करते हैं, तो कभी अपने ही विधायकों का पर कतरने की कोशिश करते हैं, उससे साफ है कि उपर से सब कुछ शांत नजर आने वाले भाजपा के अंदर की बेचैनी बड़ी है, जबकि झामुमो और महागठबंधन के अंदर एक ही चेहरा हेमंत सोरेन का है, उनके चेहरे को चुनौती देने की स्थिति में कोई भी नही हैं, ना तो पार्टी के अंदर से चुनौती है ना ही महागठबंधन से. यही वह पेंच है, जिसके आसरे सीएम हेमंत का हौसला बुंलद है.
