कोलकाता कांड को लेकर राज्यपाल बोस से मिला महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल
.jpg)
नई दिल्ली: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंदा बोस से सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। एक्स पर इस बारे में राजभवन मीडिया सेल ने जानकारी साझा की है।
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान महिलाओं और ट्रांसजेंडरों ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई घटना पर दुख जताया। साथ ही प्रशासनिक और कानून प्रवर्तन की गड़बड़ियों पर अपनी पीड़ा व्यक्त की। राज्यपाल के सामने उन्होंने महिलाओं, विशेष रूप से चिकित्सा पेशेवरों की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच को सही दिशा में ले जाने पर जोर दिया।
प्रतिनिधियों ने राज्य और देश भर में चिकित्सा पेशेवरों और विरोध प्रदर्शन करने वाले लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की।
वहीं, राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल को उनके द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी और कहा कि 9 अगस्त 2024 को मेडिकल कॉलेज में बलात्कार और हत्या की खबर सामने आने के बाद इस पूरे मामले की निगरानी की गई। अस्पताल में कथित रूप से डॉक्टरों और नर्सों पर भीड़ द्वारा दी गई धमकियों के बाद अस्पताल का दौरा किया। चिकित्सकों के विभिन्न संगठनों द्वारा उठाए गए प्रासंगिक मांगों पर मुख्यमंत्री और भारत सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया है।
डॉक्टरों की मांग है कि कामकाजी जगहों पर उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। अगर सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जाएगी तो वह काम कैसे करेंगे।
