अयोध्या को साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है : मुख्यमंत्री योगी

अयोध्या, 18 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित वृहद रोजगार मेले को संबोधित किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा के नेता दुष्कर्मियों के लिए कहते हैं कि ‘लड़के हैं, गलती हो जाती है।’ उनके ऐसे संस्कार कभी खत्म नहीं होते हैं। ये (सपा) लोग अयोध्या को बदनाम करने वाले दुष्कर्मियों के साथ खड़े हैं। अयोध्या को साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। इन्हीं लोगों ने अयोध्या में निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाई थी। हर अपराधी को निर्दोष साबित करना इनका लक्ष्य है। इन लोगों के साथ सद्भाव से नहीं सख्ती से पेश आया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इनके एक नेता कन्नौज में भी पकड़े गए हैं। लगता है कि उनकी पार्टी का चरित्र ही ऐसा हो गया है। वो लोग बड़े ही बेशर्मी के साथ दुष्कर्मियों का समर्थन कर रहे हैं। उनकी आदत आज भी नहीं छूटी है, लेकिन, ऐसी आदत को छुड़ाने के लिए कानून का डंडा है। सरकार ऐसे मामलों में सख्ती से पेश आएगी। अभी हाल ही में ऐसे लोगों ने ही यह दुष्प्रचार किया कि अयोध्या की 13,000 एकड़ भूमि तीन लोगों को आवंटित कर दी गई। जबकि, ऐसा कोई आवंटन नहीं किया गया। इसी तरह धर्मपथ और रामपथ पर 3,800 स्ट्रीट लाइट चोरी होने की सूचना प्रसारित की गई। जबकि, इन लाइट्स को नहीं लगाया गया था और पैसा निकालने के लिए साजिश रची गई थी। अब आरोपी शिकंजे में आ गया है और जल्द ही उसके आकाओं को भी शिकंजे में लाया जाएगा।

सीएम योगी ने पिछले दिनों लखनऊ में बारिश के दौरान लोगों के साथ हुई अभद्रता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक बेटी अपने पिता और भाई के साथ जा रही थी। कुछ लोगों ने उसके ऊपर पानी फेंक कर उसे मोटरसाइकिल से गिरा दिया था। उस घटना में भी हमारी सरकार आरोपियों के साथ सख्ती से पेश आई। उनके लिए सद्भावना ट्रेन नहीं, बल्कि बुलेट ट्रेन चलेगी, लेकिन समाजवादी पार्टी के मुखिया आरोपी के साथ खड़े होकर कहने लगे कि वो निर्दोष है। उन्होंने हर अपराधी को निर्दोष साबित करने का लक्ष्य रख लिया है, लेकिन ये अब नए उत्तर प्रदेश में नहीं चल पाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने 78 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। 13 छात्र- छात्राओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण किए गए। समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, खेल मंत्री गिरीश यादव, खाद्य रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा और प्रमुख सचिव कार्मिक एम देवराज मौजूद रहे।

–आईएएनएस

एसएम/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More