रामलला के दर्शन करने पहुंचे माता प्रसाद पांडेय, उपचुनाव में सपा की जीत का किया दावा

अयोध्या, 18 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष समाजवादी पार्टी के माता प्रसाद पांडेय रविवार को रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज भी अयोध्या से थे।

स्थानीय सपा नेताओं ने यहां पहुंचने पर माता प्रसाद का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ उनको तिलक लगाया गया और भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट की गई। माता प्रसाद ने कहा कि वह पहले भी अयोध्या आ चुका हैं। यहां पर उनके पूर्वज रहते थे।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में सभी 10 सीटों पर जीत के भाजपा के दावे को गलत बताया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा ने लोकसभा चुनाव में भी सभी 80 संसदीय सीटों पर जीत दर्ज करने का दावा किया था, लेकिन वह सिर्फ 34 पर ही सिमट कर रह गई। ऐसे में भाजपा उपचुनाव की 10 सीटों पर जीत का जो दावा कर रही है, वैसा बिल्कुल नहीं होगा।”

माता प्रसाद यहां सपा नेता जयशंकर पांडेय के घर पर भी गए। उन्होंने करीब 40 मिनट तक प्रदेश की राजनीति को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में सपा पीडीए (पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक) के फार्मूले पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी यह चुनाव जीत रही है।

सीएम योगी के इस बयान पर कि सपा बलात्कारियों के साथ खड़ी है, उन्होंने कहा, “वे लोग रेपिस्ट की बात कर रहे हैं, जो खुद उसमें लिप्त हैं। कन्नौज और बहराइच में जो घटना हुई उसमें सत्ताधारी पार्टी के नेता केस में फंसे हैं।”

–आईएएनएस

एससीएच/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More