इंदौर में नायब तहसीलदार और पटवारी पर फायरिंग करने वालों के घर चला प्रशासन का बुलडोजर

इंदौर 18 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में प्रशासनिक अमले पर फायरिंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने फायरिंग करने वाले आरोपियों के मकान पर बुलडोजर चलाया है।

पिछले दिनों अतिक्रमण हटाने गए नायब तहसीलदार और पटवारी पर कब्जाधारियों ने फायरिंग कर दी थी। इस फायरिंग में दोनों कर्मचारी बाल-बाल बचे थे।

इस घटना के बाद प्रशासन एक्शन मोड में आया और रविवार को आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया गया। साथ ही प्रशासन ने फायरिंग करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की है।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। उसके बाद से प्रशासन लगातार इस घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई कर रहा है।

अतिक्रमण हटाने के दौरान सरकारी अमले पर हुई फायरिंग के बाद विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से भी गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि, अब प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई करके अपराधियों को संदेश दिया गया है।

इससे पहले राज्य में समाज विरोधी गतिविधियों में सक्रिय लोगों के खिलाफ प्रशासनिक तौर पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अनैतिक कार्यों में लगे या दुष्कर्म जैसी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के अतिक्रमणों पर भी बुलडोजर चलाए जाने की कार्रवाई की जा चुकी है। यही नहीं कई आरोपियों के तो सार्वजनिक तौर पर जुलूस तक निकाले गए थे।

–आईएएनएस

एसएनपी/एफएम/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More