लोबिन हेम्ब्रम का पालाबदल! ताला मरांडी की सियासत पर अलीगढ़ का ताला
.jpg)
रांची: सियासत में वक्त और हालात को समझने का हुनर जिसके पास है, सफलता उसकी कदम चुमती है. अब तक अपने आप को आदिवासी-मूलवासी अस्मिता और जल जंगल और जमीन की लड़ाई का सबसे मजबूत सिपहसलार मानने वाले लोबिन हेम्ब्रम ने अपनी एक ही पलटी से साफ कर दिया कि यह हुनर भी उनके पास है. वैचारिक प्रतिबद्धता और सियासी विरासत तो पेड़ में लटकते उस पत्ते की तरह हैं, जिनके सामने कोई खुशहाल भविष्य नहीं होता. हवा के झोंके साथ टपक पड़ना ही नियति होती है. और इस नियति को भला कौन स्वीकार कर सकता है. जिस तरीके से झामुमो से निष्कासन के बाद वह सियासी बियावान में आ खड़े हुए थें, भाजपा में एंट्री का जुगाड़ कर लोबिन ने अपना रास्ता साफ कर लिया, हालांकि इस पलटी के बाद भी बोरियो दंगल में कमल खिलेगा या फिर से झामुमो का तीर निशाने पर लगने वाला है, इसका फैसला तो चुनावी अखाड़े में होगा, लेकिन यदि लोबिन की यह सियासी पलटी कामयाब होता है तो यह ताला मरांडी की सियासत पर ताला लगाने के समान होगा. अभी-अभी राजमहल के अखाड़े में ताला मरांडी के सामने लोबिन निर्दलीय ताल ठोक रहे थें, इस बात का दावा कर रहे थें कि विजय हांसदा का विजय रथ को रोकने का सामर्थ्य सिर्फ उनके पास है और यह लड़ाई तो वह झामुमो के उन कार्यकर्ताओं के सम्मान में लड़ रहे हैं, जिन्हे विजय हांसदा से निराशा हाथ लगी है. राजमहल के मतदाता विजय हांसदा से मुक्ति की कामना कर रहे हैं, उस दौर में ताला मरांडी को लोबिन का यह दावा सुकून दे रहा था. इस बात का विश्वास था कि लोबिन हेम्ब्रम के खाते में गया एक-एक वोट उनकी जीत का रास्ता खोलेगा, लेकिन लोबिन सारे हरो-हथियार और दावे के साथ महज 42140 पर सिमट गयें. विजय हांसदा को 613371 के साथ तीसरी जीत मिली, जबकि ताला मरांडी को 435107 के साथ दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा, यदि ताला मरांडी और लोबिन के कुल वोटो को भी जोड़ दें तो यह 477247 तक ही पहुंचता है, यानि दोनों की संयुक्त ताकत से 136,124 ज्यादा.
.jpg)
राजमहल में लोबिन के खराब प्रर्दशन से टूटा था ताला मरांडी का सपना
भाजपा के रणनीतिकार उस वक्त लोबिन के हिस्से में कम के कम डेढ़ लाख वोट की कामना कर रहे थें, लेकिन ताला मरांडी और भाजपा की वह चाहत पूरी नहीं हुई. लोबिन हेम्ब्रम का चुनावी अखाड़े में इस कदर बिखर जाना ताला मरांडी के लिए व्यक्तिगत झटका था. लेकिन, जो लोबिन राजमहल में ताला मरांडी के लिए खेवनहार नजर आ रहे थें, अब वही लोबिन बोरियो की सियासत में ताला मरांडी के सामने सबसे बड़ा कांटा साबित होने जा रहे हैं. हालांकि अभी तक लोबिन के लेकर पालाबदल के दावे ही किये जा रहे हैं, लेकिन इस बात की पक्की सूचना है कि वह दिल्ली पहुंच चुके हैं, और किसी भी वक्त अपना हरा गमझा उतार कर केसरिया पट्टा लपेट सकते हैं. दिल्ली में लोबिन का हरा गमछा उतार कर केसरिया पट्टा लपेटने में झारखंड भाजपा में चाहे जितनी खुशी की लहर हो, लेकिन ताला मरांडी के लिए यह एक बूरी खबर है. जिसकी आशा कम से कम उन्होंने नहीं की थी.
लोबिन और ताला मरांडी के बीच सियासी संघर्ष का इतिहास पुराना

दरअसल ताला मरांडी और लोबिन के बीच बोरियो के दंगल में मुकाबले का पुराना इतिहास रहा है. कभी बाजी ताला मरांडी के हाथ लगती है तो कभी लोबिन जीत की माला उड़ा ले जाते हैं. वर्ष 2000 से तो यह लड़ाई निरंतर जारी है. वर्ष 2000 में जहां लोबिन को 36,170 के साथ जीत मिली थी, वहीं 29,491 के साथ ताला मरांडी को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. लेकिन 2005 में ताला मरांडी ने 44,546 वोट के साथ इस सीट को अपने नाम लिया, जबकि लोबिन हेम्ब्रम 38,227 मतों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गयें. 2009 में लोबिन हेम्ब्रम ने एक बार फिर से वापसी की, इस बार लोबिन ने 37,586 वोट के साथ जीत दर्ज की, जबकि ताला मरांडी को 28,547 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. लेकिन 2014 में ताला मरांडी एक बार फिर से लोबिन को पटकनी देने में कामयाब रहें. इस बार उन्होंने 57,565 के साथ इस सीट को अपने नाम किया, जबकि लोबिन हेम्ब्रम के हिस्से 56,853 वोट आया. इसके बाद आया वर्ष 2019 का मुकाबला इस बार ताला मरांडी भाजपा छोड़ आजसू के साथ ख़ड़े थें, उनके हिस्से में आयी महज 8,955 वोट, जबकि भाजपा की ओर से ताल ठोंकने वाले सुर्य नारायण हांसदा के हिस्से आया 59,441वोट, जबकि 77,365 के साथ लोबिन को जीत की वरमाला मिली.
2019 में 17 हजार की जीत से अति आत्मविश्वास का शिकार लोबिन
हार जीत के इसी विशाल अंतर से लोबिन को इस बात का एहसास हुआ कि जीत में झामुमो के जनाधार का योगदान कम और उनके व्यक्तित्व की चमक ज्यादा है और इस आत्मविश्वास में सीएम हेमंत को आंखें दिखलाते नजर आने लगे, हालांकि राजमहल से पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ ताल ठोंकने के बावजूद लोबिन के प्रति सोरेन परिवार के प्यार और सम्मान में कभी कोई कमी नहीं आयी, इसकी झलक तब भी देखने को मिली, जब विधान सभा के बाहर कल्पना सोरेन से उनका सामना हुआ. उस सियासी हलचल के बीच भी कल्पना सोरेन ने पैर छुकर लोबिन का आशीर्वाद लिया. लेकिन लोबिन तो दूसरी राह पर निकल पड़ थें.
लोबिन का पालाबदल!ताला मरांडी की सियासत पर अलीगढ़ का ताला

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि यदि लोबिन का भाजपा में एंट्री सफल हो जाती है तो फिर ताला मरांडी की सियासत का क्या होगा? अब तो उनके सामने झामुमो का भी विकल्प नहीं है, वहां तो हेमलाल मुर्मू पहले ही बोरियो से ताल ठोंकने को बेचैन बैठे हैं. भाजपा से सियासी वनवास खत्म कर घर वापसी कर चुके हेमलाल मुर्मू को लोबिन की इस बगावत ने सियासी अवसर प्रदान कर दिया है. यदि लोबिन का यह पालाबदल सफल होता है तो इस बार बोरियो में एक तरफ भाजपा के टिकट पर लोबिन हेम्ब्रम होंगे तो दूसरी ओर भाजपा में सियासी वनवास काट कर घर वापसी कर चुके हेमलाल मुर्मू, और अब तक बोरियो से जीत का ताल ठोंकते रहे ताला मरांडी मैदान से बाहर मैच का आनन्द लेने पर विवश होंगे. यही राजनीति में समय को भांपने की कला है. समय को भांपने की यह कोशिश कभी हेमलाल मुर्मू ने भी की थी, लेकिन कामयाबी हाथ नहीं लगी, खुद ताला मरांडी भी यह जौहर दिखला चुके हैं, लेकिन उनके हिस्से ही निल बट्टा सन्नाटा आया, देखना होगा कि लोबिन का यह दांव कितना सफल होता है या फिर लोबिन का पालाबदल तालामरांडी की सियासत पर अलीगढ़ का ताला साबित होता है.
