ठाकुर ने खूब छका ‘प्रसाद’! संकट में कांग्रेस को आया ‘महतो’ की याद

रांची: विधानसभा चुनाव के पहले झारखंड में सियासी गतिविधियां तेज हो गयी है. सियासत का जितना हिस्सा सार्वजनिक रुप से बाहर आ रहा है, अंदरखाने कोहराम और भी घना है. भाजपा को अचानक से चंपाई सोरेन की पांच माह की सरकार में खूबियां ही खूबियां नजर आने लगी है, उनकी शान में कसीदे पढ़े जा रहे हैं। पूर्व सीएम चंपाई के साथ ही लोबिन हेम्ब्रम से लेकर समीर मोहंती के पाला बदल की खबरें चल रही है. हालत यह है कि जिस चंपाई सोरेन को कल दिन भर दिल्ली में बताया जा रहा था, शाम होते-होते वह सरायकिला में मीडियाकर्मियों के सामने आये और कहा कि पता नहीं इस तरह की बिना सिर-पैर की खबरें कहां से उड़ायी जा रही है. लेकिन खबरें तो चल नहीं दौड़ रही है.
पीएम मोदी की यात्रा के पहले हवा बांधने की कोशिश
इस बीच पीएम मोदी के झारखंड दौरे की भी खबर है, भाजपा से जुड़े सूत्रों का दावा है कि पीएम मोदी के दौरे के साथ ही झारखंड का पूरा चुनावी मिजाज बदल जायेगा. एकबारगी भाजपा के पक्ष में हवा बहने लगेगी. लेकिन दूसरी ओर महागठंबधन से जुड़े नेताओं का दावा है कि पूर्व सीएम चंपाई से लेकर समीर मोहंती के बारे में पालाबदल की जो खबरें फैलाई जा रही है, दरअसल उसके पीछे एक सुनियोजित योजना है, यह और कुछ नहीं, पीएम मोदी की यात्रा के पहले चुनावी हवा बांधने की कोशिश है. लेकिन यह कोशिश कामयाब होने वाली नहीं है, इसी तरह की हवा बांधने की कोशिश लोकसभा चुनाव के वक्त बिरसा मुंडा की जन्मभूमि उलिहातू से भी की गयी थी, लेकिन लालकिले की प्राचीर से यह भी याद नहीं रहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जन्म कब और 1857 की क्रांति कब हुई थी. सियासी बेचैनी में पीएम ने बिरसा मुंडा के जन्म के पहले ही 1857 की क्रांति में अंग्रेजों से मुकाबले में भिड़ा दिया गया.
कांग्रेस का बड़ा धमाका, राजेश ठाकुर की विदाई

झारखंड के सियासी गलियारे में अभी यह घमासान चल ही रहा था कि शुक्रवार शाम होते-होते कांग्रेस ने भी एक बड़ा धमाका किया. झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष के पद से राजेश ठाकुर की विदाई करते हुए केशव महतो कमलेश को बैतरणी पार लगाने की जिम्मेवारी सौंप दी गयी. आपको याद दिला दें कि जब वर्ष 2021 में राजेश ठाकुर की प्रदेश अध्यक्ष के रुप में ताजपोशी हुई थी, उस वक्त तक रामेश्वर उरांव अध्यक्ष, इरफान अंसारी, संजय पासवान, केशव महतो कमलेश और मानस सिन्हा कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेवारी संभाल रहे थे, लेकिन इन सबकी विदाई करते हुए बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, गीता कोड़ा और जलेश्वर महतो को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप दी गयी थी। ऐसे में अब जबकि विधानसभा की चुनौती सामने खड़ी है और लोकसभा चुनाव में सभी गैर आदिवासी सीटों से कांग्रेस का सफाया हो चुका है. एक बार फिर से कांग्रेस को पिछड़ा और कुर्मी चेहरे की याद आयी है. इस हालत में यह सवाल खड़ा होना लाजमी है कि यह कांग्रेस का स्वाभाविक फैसला है या इसके पीछे चुनावी विवशता है. जब सत्ता के रसास्वादन का अवसर था, तब तो कमान राजेश ठाकुर के पास रही, और अब जब चुनौतियां दर पर खड़ी है तो उन्हें इस कुर्मी- पिछड़े चेहरे की याद आ रही है. क्या राजेश ठाकुर कांग्रेस को इस चुनावी बैतरणी से बाहर निकालने में असमर्थ थे. क्या उनके चेहरे के सहारे कांग्रेस इस चुनाव समर में नहीं उतर सकती थी, यदि उतर सकती थी, तो एन विधानसभा चुनाव के पहले यह बदलाव क्यों? और यदि नहीं उतर सकती थी तो उस ‘शांतिकाल’ में किसी पिछड़े-आदिवासी चेहरे को सत्ता की मलाई खाने का अवसर क्यों नहीं प्रदान किया गया?
कहां चूक गये जलेश्वर?
.jpg)
लेकिन इसके साथ ही एक दूसरा सवाल यह भी है कि आखिर जलेश्वर महतो चूक कहां गयें? सियासी कद-काठी और अनुभव में तो जलेश्वर महतो कमलेश महतो केशव पर कहीं भारी थे. भले ही केशव महतो वर्ष 2000 के पहले विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हों, लेकिन झारखंड गठऩ के वर्ष 2000 के बाद से वह सियासी अस्तित्व को लेकर संघर्षरत नजर आ रहे हैं. वर्ष 2000 में सिल्ली से सुदेश महतो को चुनौती पेश करने की कोशिश की थी, लेकिन महज 25,784 वोटों पर ही सिमट गये थे, जबकि 40,322 वोटों के साथ सुदेश महतो के हिस्से जीत आयी थी। इसके बाद वर्ष 2009 में एक बार फिर से उन्होंने ताल ठोका तो इस बार वह मात्र 7,348 वोट पर ही सिमट गये और सुदेश महतो ने 45,673 वोटों के साथ यह सीट एक बार फिर से अपने नाम कर लिया, जबकि झारखंड विकास मोर्चा, प्रजातांत्रिक की ओर से ताल ठोकते हुए अमित महतो ने 37,96 मतों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया था. दूसरी ओर जलेश्वर महतो वर्ष 2000 और 2005 में विधानसभा पहुंच चुके हैं. वर्ष 2014 और 2019 में भी जलेश्वर महतो ने ढुल्लू महतो के सामने एक मजबूत चुनौती पेश की थी. 2019 में तो वह महज 824 वोटों के ही अंतर से चुनाव हारे थे.
हर बार कमजोर घोड़े पर ही दांव क्यों लगाती है कांग्रेस
इस हालत में यह सवाल उठना भी लाजमी है कि कांग्रेस हर बार किसी कमजोर घोड़े पर ही दांव क्यों लगाती है? राजेश ठाकुर भी अपने चेहरे के बूते अगड़ी जातियों का वोट कांग्रेस के साथ खड़ा करने की स्थिति में नहीं थे. जनाधार इतना सिमटा है कि वह किसी भी विधानसभा में, किसी भी उम्मीदवार के सामने मजबूत चुनौती पेश करने की स्थिति में नहीं है और अब जिस केशव पर दांव लगाया गया है. उनके सामने भी यही चुनौती है. क्या केशव अपने चेहरे के बूते कुर्मी और पिछड़ी जाति के मतदाताओं को कांग्रेस के साथ खड़ा करने की स्थिति में है? चुनावी प्रर्दशन तो इसका संकेत नहीं देता. बावजूद इसके विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस ने एक बड़ा दांव जरुर खेला है. टाइगर जयराम की राजनीति में एंट्री और बीते लोकसभा चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन के बाद जिस तरीके से कुर्मी मतदाताओं की गोलबंदी होती नजर आ रही है. यदि यह दांव सफल रहा तो कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकता है. शायद, यह तब ज्यादा सफल होता, जब केशव महतो कमलेश के पास वक्त होता. यदि 2021 में राजेश ठाकुर की बजाय केशव महतो की ताजपोशी कर दी गयी होती, तो आज केशव एक बड़ा चेहरा होते और आज कांग्रेस जिन चुनौतियों से घिरी नजर आ रही है, यह स्थिति भी नहीं होती.
