भाजपा एक सितंबर से शुरू करेगी राष्ट्रीय सदस्यता अभियान, महासचिवों की बैठक में फैसला

नई दिल्ली,17 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू करने से पहले एक सितंबर से देशभर में पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को शुरू करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पर शुक्रवार को देर रात हुई महासचिवों की बैठक में यह फैसला किया गया।

भाजपा में सदस्यता अभियान के बाद ही संगठन के चुनाव करवाए जाते हैं। पार्टी के संविधान के अनुसार सदस्यता अभियान के बाद मंडल,जिला और राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अध्यक्ष का चुनाव होता है। इसके साथ ही नड्डा के आवास पर शुक्रवार को देर रात हुई बैठक में शनिवार को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय पदाधिकारी की बैठक के एजेंडे पर भी मुहर लगाई गई।

आपको बता दें कि, भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अहम और महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को दोपहर दो बजे दिल्ली में होनी है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह के अलावा पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, राज्यों के प्रभारी, सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश संगठन महासचिव भी इस बैठक में शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी होगा।

शनिवार की इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के साथ-साथ संगठन के चुनावों पर भी चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक में हरियाणा और जम्मू कश्मीर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।

जेपी नड्डा की अध्यक्षता में उनके आवास पर हुई राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष और राष्ट्रीय संयुक्त संगठन महासचिव शिव प्रकाश के अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, राधामोहन दास अग्रवाल, विनोद तावड़े, तरुण चुग, अरुण सिंह एवं दुष्यंत गौतम शामिल हुए।

–आईएएनएस

एसटीपी/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More