मनीष सिसोदिया से मिले भगवंत मान, बोले – हुई सच्चाई की जीत

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की और कथित दिल्ली शराब घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से उन्हें मिली जमानत को “सच्चाई की जीत” बताया।

वरिष्ठ आप नेता से मुलाकात के बाद मान ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मनीष सिसोदिया “तानाशाही का शिकार होकर” जेल में थे। जब उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला तो उन्हें अदालत से राहत मिल गई। उन्होंने कहा, “अंत में सच्चाई की जीत हुई और मनीष सिसोदिया जेल से बाहर आ गए।”

उन्होंने कहा, “मैं मनीष सिसोदिया से मिलने आया था और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। वह फिर से दिल्ली के लोगों और बच्चों के भविष्य के निर्माण के लिए काम करना शुरू कर देंगे। हम जश्न मनाने वाले नहीं हैं। जिस दिन पूरे देश की व्यवस्था ठीक हो जाएगी, हम उस दिन जश्न मनाएंगे।”

मान ने बताया कि अरविंद केजरीवाल के जन्मदिन पर आज उन्होंने उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से भी मुलाकात की।

उन्होंने आगे कहा, “हम अदालत में जाकर सच्चाई की जीत हासिल करके उनकी (भाजपा की) तानाशाही और अहंकार की दीवारें तोड़कर बाहर आए हैं।” भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी के लोगों ने अपनी गलत नीति और आदत के अनुसार “हमारे नेताओं को जेल में डालकर” आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश की। लेकिन उस संकट में पार्टी टूटी नहीं। पार्टी में एक दरार भी नहीं आई।

मान ने कहा, “केंद्र सरकार ने पंजाब सरकार का बहुत सारा पैसा रोक रखा है। लेकिन पंजाबी आत्मनिर्भर हैं, पंजाब पूरी दुनिया में सफल हैं। हम अपना हक मांग रहे हैं। हम केंद्र सरकार से कोई भीख नहीं मांग रहे हैं।”

मनीष सिसोदिया को पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद मान की उनसे यह पहली मुलाकात थी। सिसोदिया को पिछले साल 26 फरवरी को आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया गया था और 9 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी।

–आईएएनएस

आरके/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More