जम्मू कश्मीर में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा बनाएगी सरकार: आशीष सूद

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में मतदान होगा।

चुनाव आयोग के मुताबिक, जम्मू कश्मीर में पहले चरण का मतदान 18 सितंबर, दूसरे चरण का मतदान 25 सितंबर और तीसरे चरण का मतदान 1 अक्टूबर को होगा। वोटों की गिनती 4 अक्टूबर को होगी।

खास बातचीत करते हुए जम्मू-कश्मीर भाजपा के सह प्रभारी आशीष सूद ने चुनाव आयोग की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह से राज्य में विधानसभा का चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। जम्मू-कश्मीर में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर भी बहुत तेज गति से विकसित भारत की यात्रा में साथ चलेगा।

कश्मीर घाटी में चुनाव की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में भाजपा कश्मीर में भले ही चुनाव न लड़ी हो, लेकिन आजाद भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि अपने आप को मेनस्ट्रीम पॉलिटिकल पार्टी कहने वाले दो परिवार आज वहां नहीं हैं। इसका श्रेय तो जनता और भाजपा की रणनीति को ही जाता है।

सूद ने आगे कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित हुई है, पत्थरबाजी बंद हो गई है। लोग शांति और तेजी से विकास चाहते हैं। पहले सिर्फ कुछ हजार वोट लेकर ही लोग चुनाव जीत जाया करते थे। लेकिन, अब जनता खुलकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन रही है। लोकसभा चुनाव में जनता ने बड़ी संख्या में वोट किया। मुझे विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में भी राज्य में मतदाता बढ़-चढ़कर मतदान करेंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More