राजमहल विधानसभा चुनाव 2024: एमटी राजा की घर वापसी से संकट में अनंत ओझा या फिर से खिलेगा कमल

रांची: झारखंड के पूर्वी हिस्से में गंगा किनारे पवर्त-श्रृंखला की गोद में स्थित राजमहल को दामन-ए- कोह की उपाधि भी दी गयी है.  आज भले ही झारखंड की सियासत में बढ़ती मुस्लिम आबादी एक सियासी मुद्दा हो और बांग्लादेशी घुसपैठिया चुनावी बैतरणी पार करने की नाव, लेकिन राजमहल में मुस्लिमों का इतिहास काफी पुराना है. मुगल  बादशाहों, शाहजादों और बंगाल के नवाबों का यह कभी पंसदीदा शहर हुआ करता था. इन्ही मुगल बादशाहों ने राजमहल में शानदार महलों और मस्जिदों का निर्माण करवाया था. सिंह दलान, अकबरी मस्जिद, मैना-बीबी और मिरान की कब्र उसी दौर की यादें हैं. अकबरनामा से इस बात की जानकारी मिलती है कि बंगाल के नयी राजधानी के रुप में राजमहल में मानसिंह इस शहर की बुनियाद रखी थी. उस वक्त इसका नाम अकबरनगर रखा गया था. दरअसल राजमहल पर्वत माला के कारण इसे तात्कालीन राजधानी गौड़ की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और ढाका के बनिस्बत ज़्यादा स्वास्थ्यप्रद माना गया था. मध्यकाल में राजमहल की सैर करने वाले अब्दुल लतीफ़ ने इसे आगमहल के रुप में भी पुकारा है. क्योंकि उस वक्त तक राजमहल के चारों और झुग्गी-झोपड़ियां की बसावट होती थी, जिसमें बराबर आग लगा करता था.

जुरासिक युग की पर्वत-श्रृंखला

राजमहल का ‘राजा’ कौन?  टी.राजा की घर वापसी से संकट में अनंत या फिर से खिलेगा कमल
जूरासिक यूग की पवर्त-श्रखंला ( दैनिक भाष्कर से साभार)

 

राजमहल की दूसरी पहचान इसके भूवैज्ञानिक कारण से भी है, राजमहल की पर्वत-श्रृंखला को जूरासिक युग का माना जाता है, दावा किया जाता है कि आज से करीबन 6.2 करोड़ से लेकर 14.5 करोड़ वर्ष के बीच ज्वालामुखी विस्फोट हुआ था. जिसके कारण राजमहल में प्लांट फ़ासिल पाया जाता है. इसी प्लांट फ़ासिल की प्रचुरता के कारण जियो-टूरिज़्म की संभावना देखते हुए इस राजमहल की पर्वतमाला को भारत सरकार ने नेशनल जियोलॉजिकल मोन्यूमेंट्स के रूप में घोषित किया है. खैर, बदलता वक्त और बदलती सियासत के बीच राजमहल अपना वह अतीत कायम नहीं रख सका. धीरे धीरे इस शहर का अवसान होता गया.

लोकतंत्र का बढ़ता कारवां

देश की आजादी के बाद जम्हूरियत आयी, लोकतंत्र का कारवां अपने मंद गति से आगे बढ़ना लगा और 1952 में पहली बार यह एक विधानसभा क्षेत्र के रुप में सामने आया और मोहम्मद बुरुहानुद्दीन खान ने कांग्रेस का झंडा बुलंद किया. अब तक राजमहल विधान सभा में कुल 16 चुनाव संम्पन्न हो चुके हैं. जिसमें पांच बार कांग्रेस, छह बार भाजपा, एक बार स्वतंत्र पार्टी, एक बार निर्दलीय और एक बार जनसंघ पार्टी को जीत मिली है. लेकिन बुरुहानुद्दीन खान के बाद किसी भी मुस्लिम चेहरे को यहां से जीत नहीं मिली. सबसे अधिक चार बार जीत का परचम फहराने का श्रेय धुर्व भगत (1977,1980,1985 और 1995) को जाता है, जबकि बिहार की सीएम रहे विनोदानंद झा ने भी 1952 और 1967 में इस सीट से जीत दर्ज की है. वर्ष 2014 और 2019 में अनंत ओझा ने लगातार कमल का फूल खिलाया है. 

अनंत ओझा के सामने एमटी राजा की चुनौती

राजमहल का ‘राजा’ कौन?  एमटी राजा की घर वापसी से संकट में अनंत या फिर से खिलेगा कमल
झामुमो में घर वापसी करते एमटी राजा (फाइल फोटो)

 

लेकिन इस बार परिस्थितियां कुछ बदली और चुनौती गंभीर नजर आ रही है और उसका कारण है एमटी राजा उर्फ एमडी ताजुद्दीन की घर वापसी. एमडी ताजुद्दीन का संताल की सियासत में एक बड़ा अल्पसंख्यक चेहरा माना जाता है. दावा किया जाता है कि एमडी ताजुद्दीन पकड़ सिर्फ राजमहल सीट पर ही नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री सीएम हेमंत का विधान सभा क्षेत्र बरहेट और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम का विधान सभा पाकूड़ तक है. इस हालत में सवाल खड़ा होता है कि क्या इस बार एक बार फिर से कमल का फूल खिलने जा रहा है या फिर एमडी ताजुद्दीन की घर वापसी से अनंत ओझा के सियासी रथ पर विराम लगने वाला है.

एमटी राजा के सियासी सफर की शुरुआत

दरअसल इस बार एमडी ताजुद्दीन का राजमहल सीट से झामुमो का मोर्चा संभालना तय माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर से अनंत ओझा का भी उतरना तय है. लेकिन बड़ी बात यह है कि एमडी ताजुद्दीन इसके पहले भी सियासी अखाड़े में अपनी किस्मत आजमा चुके हैं. एमडी ताजुद्दीन ने अपने सियासी सफर की शुरुआत वर्ष 2005 में निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में की थी, और तब उन्हे महज 2,881 वोट से संतोष करना पड़ा था. लेकिन वर्ष 2009 आते आते ताजुद्दीन ने झामुमो की सवारी कर ली. उस मुकाबले में ताजुद्दीन ने 40,874 वोट पाया था, जबकि 51,277 के साथ भाजपा के अरुण मंडल को जीत मिली थी. और वर्ष 2005 में जीत का परचम फहराने वाले कांग्रेसी के थॉमस हांसद को 14,782 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था.

अरुण मंडल को झटका दे अनंत ओझा पर दांव

वर्ष 2014 में भाजपा ने अरुण मंडल को किनारे लगाकर अनंत ओझा पर दांव लगाया, और अनंत ओझा को 77,481 के साथ जीत की मिली, जबकि 76,779 लाकर ताजुद्दीन को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. यानि हार जीत का अंतर महज 702 वोट का था. और यहीं से भाजपा के लिए खतरे की घंटी बजनी लगी. लेकिन इसके बाद ताजुद्दीन ने झामुमो का साथ छोड़कर आजसू का दामन थाम लिया. दावा किया जाता है कि ताजुद्दीन का झामुमो छोड़ने की वजह संताल की सियासत में पंकज मिश्रा का बढ़ता सियासी कद था. खास कर खनन गतिविधियों पर वर्चस्व को लेकर दोनों की बीच तनातनी की स्थिति थी. पंकज मिश्रा का हेमंत सोरेन से नजदीकी ताजुद्दीन को रास नहीं आ रहा था. और आखिरकार उसने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया. 

आजसू की सवारी कर अनंत ओझा को रोकने में नाकाम ताजुद्दीन

2019 के मुकाबले में ताजुद्दीन ने आजसू की सवारी कर अनंत ओझा का सियासी रथ रोकने की कोशिश की. लेकिन अनंत ओझा ने अपना पूरा जोर लगाया और 77,481 से आंकड़ा बढ़ाते हुए 88,904 तक पहुंचा दिया, जबकि ताजुद्दीन का कांटा इस बार भी चंद कदम दूर 76,552 पर ठहर गया, लेकिन इसका सबसे बड़ा कारण झामुमो की ओर से बैटिंग करने उतरे केताबुद्दिन शेख के द्वारा 24,619 मतों की सेंधमारी थी. दावा किया जाता है कि यदि झामुमो ने अल्पसंख्यक चेहरे के बजाय किसी और पर दांव लगाया होता तो ताजुद्दीन का 2019 में ही विधान सभा में एंट्री हो गयी होती

राजमहल का ‘राजा’ कौन?  टी.राजा की घर वापसी से संकट में अनंत या फिर से खिलेगा कमल
कल्पना सोरेन के साथ मुलाकात करते एमटी राजा ( फाइल फोटो)

 

लेकिन 2019 के बाद सियासी परिस्थितियों में एक बार फिर से बदलाव हुआ, ताजुद्दीन का कांटा पंकज मिश्रा कालकोठरी में कैद हो चुके थें. खुद हेमंत सोरेन भी जेल के अंदर थें और पार्टी में कल्पना सोरेन की सक्रियता तेज हो चुकी थी, कहा जाय तो हेमंत सोरेन की अनुपस्थिति में पार्टी की कमान कल्पना सोरेन के हाथ में आ चुकी थी. कल्पना सोरेन ने इस बात का भांपने में देरी नहीं की कि यदि संताल की सियासत में झामुमो की पकड़ को मजबूत बनाये रखनी है और राजमहल सीट पर झामुमो का झंडा फहराना है तो वह चेहरा मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ टी. राजा का ही होगा. इधर ताजुद्दीन को भी संताल की सियासत में झामुमो की पकड़ का एहसास हो चुका था और आखिरकार कल्पना सोरेन की उपस्थिति में टी. राजा ने एक बार फिर से झामुमो का दामन थाम लिया.

क्या है सामाजिक समीकरण

चाणक्या अनुसार राजमहल विधान सभा में अनुसूचित जाति के मतदाता-22 फीसदी, अनुसूचित जनजाति-3.5 फीसदी, जबकि मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीबन 45 फीसदी है. इसके साथ ही यादव 4 फीसदी, मंडल 12 फीसदी है. दावा किया जाता है कि हार जीत में 12 फीसदी मंडल और चार फीसदी यादवों का अहम योगदान होता है. इस हालत में राजमहल का मुकाबला दिलचस्प होने वाला है. अनंत ओझा का विधान सभा में एक और एंट्री मुश्किल में पड़ती दिख रही है. लोकसभा चुनाव में भी इसकी झलक देखने को मिली थी. सभी बड़े चहेरों की मौजूदगी के बावजूद भाजपा को राजमहल विधान सभा से पिछडऩा पड़ा. हालांकि भाजपा के रणनीतिकार भी इस जमीनी सच्चाई से अनजान नहीं है, इस हालत में कोई नया खेल सामने आये तो आश्चर्य की बात नहीं होगी.

 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More