संताल की सियासत में भूचाल या फिर बुलबुला साबित होंगे लोबिन हेम्ब्रम!
.jpg)
रांची: भारत में मौसम सिर्फ सर्दी गर्मी और बरसात का ही नहीं होता है, इन तीनों से कहीं ज्यादा चर्चा चुनावी मौसम की होती है. झारखंड की सियासत में फिलहाल चुनावी मौसम अपने पूरे शबाब पर है. सियासत के महारथियों की ओर से अपने-अपने प्यादों को वक्त और सामाजिक समीकरणों की जरुरत के हिसाब से फेंटा जा रहा है. इस सियासी शतरंज में कुछ की गोटी सेट हो रही है, तो कई ऐसे मोहरे भी हैं, जिन्हे अपनी-अपनी पार्टियों में अपना सियासी भविष्य नजर नहीं आ रहा है और नये सियासी ठिकानों की खोज में करवटें बदली जा रही है. फिलहाल यह धुंआ इंडिया गठबंधन की ओर से उड़ता नजर आ रहा है.
दावा किया जा रहा है कि झामुमो का सदाबहार बागी के रुप में ख्याति हासिल कर चुके लोबिन हेम्ब्रम भाजपा की सवारी करने वाले हैं. फिलहाल वह दिल्ली में डेरा जमाये हुए है. कल भाजपा का पट्टा पहनाये जाने की औपचारिकता पूरी कर ली जायेगी. लोबिन को पार्टी पहले ही दल विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाकर निष्काषित कर चुकी है. इस हालत में लोबिन के द्वारा एक नये सियासी ठिकाने की खोज अप्रत्याशित भी नहीं है.
.jpg)
इसके साथ ही बादल पत्रलेख का भी पाला बदलने की खबर है. उनकी ओर से अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है. लेकिन, सियासी गलियारे में तैर रही इन खबरों को वह खारिज भी नहीं कर रहे हैं. इस हालत में पालाबदल के दावे से इंकार भी नहीं किया जा सकता. हालांकि सियासी गलियारों में बादल पत्रलेख को लेकर चर्चा काफी दिनों से थी, दावा किया जा रहा था कि हेमंत सरकार और चंपाई सरकार में मंत्री पद सुशोभित करते हुए भी बादल पत्रलेख की आत्मा भाजपा में बसी हुई थी. लोकसभा चुनाव के दौरान केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबै के साथ बंद कमरे में लम्बी मुलाकात भी हुई थी, तब उनकी ओर से इसे व्यक्तिगत मुलाकात बताया गया था, लेकिन इस मुलाकात के बाद कांग्रेस आलाकमान की नजर पर वह चढ़ चुके थें और जब लोकसभा चुनाव का परिणाम आया, कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप यादव को जरमुंडी विधान सभा में भाजपा उम्मीदवार निशिकांत दुबे से पिछड़ना पड़ा, तब भी बादल पत्रलेख की निष्ठा पर सवाल उठा था. जिसकी अंतिम परिणति मंत्रिमंडल से विदाई के रुप में हुई. कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का दावा था कि इस बार कांग्रेस उन्हे जरमुंडी से टिकट देने की पक्षधर भी नहीं थी. यानि बादल पत्र लेख के सामने एक अदद टिकट का संकट भी खड़ा था. और कांग्रेसी रणनीतिकारों ने इस बात का आकलन कर लिया था कि टिकट कटते ही बादल पत्रलेख कांग्रेस को विदा कर सकते हैं. कहा जा सकता है कि बादल पत्रलेख को भी कांग्रेस में अपना सियासी भविष्य सुरक्षित नजर नहीं आ रहा है. इस हालत में वक्त और हालात को देखते हुए वह कोई बड़ा फैसला कर सकते हैं. हालांकि अभी तक उनके द्वारा इसकी पुष्टि नहीं की गयी है.
पूर्व सीएम चंपाई सोरेन की बदलती निष्ठा

लेकिन, सबसे बड़ा दावा पूर्व सीएम चंपाई सोरेन की बदलती निष्ठा को लेकर है. सीएम की जो कुर्सी सियासत का सपना हुआ करता है. हेमंत सोरेन ने अपनी गिरफ्तारी के बाद परिवार के किसी सदस्य के बजाय उस कुर्सी पर चाचा चंपाई को बैठाया था, बावजूद इसके यदि पाला बदल का खेल होता है, तो इसे अति सियासी महत्वाकांक्षा ही माना जा सकता है. हालांकि सियासत में सब कुछ जायज है, लेकिन चंपाई सोरेन के पास इस पालाबदल का कोई मजबूत तर्क नहीं होगा. यह ठीक है कि चंद महीने और इस कुर्सी पर विराजमान रहने की चाहत थी, लेकिन हेमंत सोरेन ने जेल से लौटने के बाद कुर्सी अपने पास रखने का फैसला किया, लेकिन यह भी उतना ही सत्य है कि 2019 में मतदाताओं ने हेमंत सोरेन के चेहरे पर मुहर लगायी थी, जनादेश हेमंत सोरेन के नाम पर मिला था. फिलहाल चंपाई सोरेन भी दिल्ली में है और इधर झारखंड की सियासत में पालाबदल की खबरें उड़ रही है.
लोबिन का पालाबदल झामुमो को कितना बड़ा झटका
निश्चित रुप से लोबिन हेम्ब्रम झामुमो का पुराना चेहरा रहे हैं. जल जंगल और जमीन की लड़ाई उनकी पहचान रही है, आदिवासी अस्मिता और पहचान के सिपहसलार रहे हैं, लेकिन वह पार्टी के लिए संकट भी खड़ा करते रहे हैं. बदलती राजनीति के दौर में पार्टी किस रास्ते पर चलकर अपनी पकड़ को मजबूत बनाये रखेगी, वह पार्टी की उस रणनीति के साथ नहीं चल सके. 1932 का खतियान उनका पुराना नारा रहा है, हालांकि बाद के दिनों में हेमंत सोरेन की सरकार ने विधान सभा से इस बिल का पारित भी कर दिया, लेकिन कोर्ट में मामला फंस गया और साथ ही राजभवन का सहयोग भी नहीं मिला. ठीक यही स्थिति स्थानीय नीति और नियोजन नीति को लेकर रही. हेमंत सोरेन ने इसकी कोशिश जरुर की, लेकिन पार्टी में रहकर भी लोबिन हर बार हेमंत सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहें और अब उसी भाजपा की सवारी करने को तैयार है, जिसे वह पानी पी-पी पीकर आदिवासी और आदिवासियत का दुश्मन बताते थें. यह ठीक है कि बोरियो विधान सभा में उनकी मजबूत पकड़ रही है, लेकिन यह भी उतना ही सच है कि उसे बोरियो विधान सभा में लोकसभा चुनाव में उन्हे पिछड़ना पड़ा, इधर उनकी हर दिन की चुनौती तंग आकर झामुमो भी नये चेहरे की खोज थी, शायद वह खोज पूरी भी हो गयी है. भाजपा की सवारी के बाद हेमलाल मूर्मू की घर वापसी हो चुकी है, और खुद हेमलाल मुर्मू ने पार्टी से बोरियो विधान सभा से चुनाव लड़ने की चाहत प्रकट की है, इस हालत में इस बार झामुमो हेमलाल मुर्मू को बोरियो से मोर्चे पर उतार सकता है.
लोबिन की एंट्री ताला मरांडी की सियासत पर ताला

लेकिन लोबिन की एंट्री से भाजपा में उथल पुथल की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है, ताला मरांडी इसी सीट से लोबिन के समक्ष मुकाबले में उतरते रहे हैं. 2005 और 2014 में वह लोबिन हेम्ब्रम को पटकनी देने में कामयाब भी रहे हैं, इस हालत में अब ताला मरांडी की भूमिका क्या होगी, यह भी देखने वाली बात होगी. कुल मिलाकर लोबिन का भाजपा की सवारी झामुमो के लिए अप्रत्याशित नहीं है. हालांकि 1995 से ही बोरियो विधान सभा में लोबिन झामुमो की पहचान रहे हैं, लेकिन फसल वह झामुमो के सियासी जमीन पर ही काटते रहे हैं, कभी हेमलाल मुर्मू को भी यह विश्वास था कि भाजपा की सवारी कर भी वह संताल की सियासत में अपना वर्चस्व बनाये रख पायेंगे, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं हुआ, और आखिरकार घर वापसी का रास्ता अपनाना पड़ा, कुछ यही हालत लोबिन की भी नजर आ रही है. देखना होगा कि इस हालात में झामुमो के सामने कितनी मजबूत चुनौती पेश पाते हैं.
