बोमन ईरानी ने मुंबई पुलिस के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस

मुंबई, 15 अगस्त (आईएएनएस)। वरिष्ठ अभिनेता बोमन ईरानी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को अपने आवास पर तिरंगा फहराया और मुंबई पुलिस अधिकारियों के साथ एक दिल को छू लेने वाला एक वीडियो शेयर किया।

ध्वजारोहण समारोह के लिए मुंबई पुलिस ने उन्हें आमंत्रित किया था।

इंस्टाग्राम पर 12 लाख फॉलोअर्स वाले बोमन ने एक रील वीडियो शेयर किया है। उन्होंने सफेद प्लेन कुर्ता-पायजामा पहना है और इसे भूरे रंग की नेहरू जैकेट के साथ पेयर किया है। साथ ही स्‍टार ने भूरे रंग के फॉर्मल जूतों के साथ अपना लुक पूरा किया।

वीडियो में वह तिरंगा फहराते और भारतीय ध्वज को सलामी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। मुंबई के कई पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। वहीं ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ फेम अभिनेता खुशी-खुशी कैमरों के सामने उनके साथ पोज देते दिखाई दे रहे हैं।

पोस्ट का कैप्शन है, ”इस विशेष दिन पर हमारे देश के गौरवशाली रंगों के साथ स्वतंत्रता की भावना का जश्न मनाने का सौभाग्य मिला। यह वास्तव में एक अद्भुत अनुभव था कि पुलिस विभाग ने हमारे साथ मिलकर झंडा फहराया, जो हमें उस शक्ति, एकता और लचीलेपन की याद दिलाता है जो हमारे देश को अविश्वसनीय बनाता है। ऐसे उल्लेखनीय राष्ट्र का हिस्सा होने पर गर्व है।”

ईरानी (64) हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय चरित्र अभिनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने 1981 से 1983 तक अभिनय कोच हंसराज सिद्धिया से प्रशिक्षण लिया था, और बाद में अभिनेता एलीक पदमसी ने उनका मार्गदर्शन किया।

उन्हें 2003 की कॉमेडी फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में डॉ. जगदीश अस्थाना की भूमिका के लिए जाना जाता है। यह फिल्म राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित और विधु विनोद चोपड़ा द्वारा निर्मित थी। इसमें सुनील दत्त, संजय दत्त, ग्रेसी सिंह, जिमी शेरगिल और अरशद वारसी ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

बोमन ‘मैं हूं ना’, ‘लक्ष्य’, ‘वीर-जारा’, ‘पेज 3’, ‘ब्लफमास्टर’, ‘नो एंट्री’, ‘खोसला का घोसला’ जैसी हिट फिल्मों का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने ‘डॉन-द चेज बिगिन्स अगेन’, ‘हे बेबी’, ‘किस्मत कनेक्शन’, ‘दोस्ताना’, ‘3 इडियट्स’, ‘हाउसफुल’, ‘कॉकटेल’, ‘जॉली एलएलबी’, ’83’, ‘ऊंचाई’ और ‘जयेशभाई जोरदार’ में भी काम किया है।

अभिनेता को पिछली बार राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित कॉमेडी ड्रामा ‘डंकी’ में देखा गया था, जिसे राजकुमार हिरानी फिल्म्स के साथ जियो स्टूडियो और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने बनाया था। इसमें शाहरुख खान, तापसी पन्नू और विक्की कौशल मुख्य भूमिका में हैं।

उनका एक प्रोडक्शन हाउस भी है जिसका नाम ‘ईरानी मूवीटोन’ है।

–आईएएनएस

एमकेएस/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More