बंगाल : पूर्वी बर्दवान जिले में मिला युवती का सिर कटा शव

कोलकाता, 15 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के शक्तिगढ़ के नादुर झापनतला आदिवासी पारा इलाके में झाड़ियों से एक युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ है।

शव पाये जाने की सूचना बुधवार रात करीब 7:45 बजे मिली। शक्तिगढ़ और बर्धमान पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान 25 वर्षीय प्रियंका हांसदा के रूप में हुई है। उसका शव उसके घर के पास परिवार के खेत में मिला। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्का बनर्जी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रियंका के पिता सुकांत हांसदा ने बताया कि इलाके में उनकी एक टेलरिंग की दुकान है। प्रियंका बेंगलुरु के एक शॉपिंग मॉल में काम करती थी। वह सोमवार 12 अगस्त को घर लौटी थी। बुधवार की शाम उसने अपने परिवार को बताया कि वह बाथरूम जा रही है। जब वह काफी देर तक नहीं लौटी, तो उसकी मां देखने गई और पाया कि बाथरूम खाली था। काफी खोजबीन के बाद, उसका खून से लथपथ, सिर कटा शव खेत में मिला।

इस वीभत्स घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी अर्का बनर्जी ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है तथा समय आने पर और जानकारी सामने आएगी।

भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने एक्स पर लिखा, “तृणमूल के नेतृत्व वाली सरकार की निगरानी में हो रहा यह भयानक अपराध पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है। सरकार कब तक ऐसे जघन्य कृत्यों पर आंखें मूंदे रहेगी? अराजकता कब खत्म होगी? हम इस बर्बर कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं। हमारी महिलाओं की सुरक्षा से अब और समझौता नहीं किया जा सकता।”

–आईएएनएस

आरके/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More