आरजी कर कॉलेज में तोड़फोड़ के बाद फोर्डा ने किया दोबारा हड़ताल का ऐलान

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार-हत्या मामले में डॉक्टरों का आक्रोश अभी शांत भी नहीं हुआ था कि बुधवार रात 40 से ज्यादा लोगों ने वहां घुसकर तोड़फोड़ की। इसके बाद फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) ने गुरुवार को देश भर में तत्काल प्रभाव से दोबारा हड़ताल शुरू करने की घोषणा की।

फोर्डा ने सोशल मीडिया पर हड़ताल फिर शुरू करने की जानकारी दी। एक्स पर फोर्डा के हैंडल से एक पोस्ट शेयर किया गया है। इसमें कहा गया है कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हाल ही में हुई दुखद घटना और सरकार द्वारा समय पर वादे पूरे करने में विफल रहने के बाद फोर्डा ने हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है।

बयान में कहा गया है, “9 अगस्त को कोलकाता में हुई दुखद घटना के बाद फोर्डा ने न्याय की हमारी मांग पर एकजुट होकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। हम स्वीकार करते हैं कि हड़ताल वापस लेने का हमारा पिछला निर्णय सद्भावना के आधार पर लिया गया था। मंत्रालय के आश्वासनों से हमारे समुदाय में संकट और निराशा पैदा हुई है। हम इसके लिए जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं और इसके कारण हुए व्यापक असंतोष को समझते हैं।

“उसके बाद से जो घटनाएं सामने आई हैं, विशेषकर पिछली रात की हिंसा, उसने झकझोर कर रख दिया है। हम सभी को पीड़ा हुई। यह हमारे पेशे के लिए एक काले अध्याय का प्रतिनिधित्व करता है। एक एसोसिएशन के रूप में, हम अपने साथी रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मजबूती से खड़े हैं। हम अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करने और इस संकट के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र के पेशेवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता के लिए केंद्रीय मंत्रालय और राज्य सरकार की कड़ी निंदा करते हैं। हाल के घटनाक्रम की गंभीरता और न्याय की जबरदस्त मांग को देखते हुए, हमने तुरंत प्रभाव से हड़ताल फिर से शुरू करने का फैसला किया है।”

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More