कोडरमा: कोडरमा में बनी भोजपुरी फिल्म ‘प्यार से’ बड़े पर्दे पर रिलीज
.jpg)
कोडरमा: कोडरमा के प्रसिद्ध चिकित्सक और पर्यटनविद डॉ. वीरेंद्र कुमार के द्वारा निर्मित भोजपुरी फिल्म ‘प्यार से’ बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है. रिलीज के साथ ही बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई सिनेमा घरों में यह फिल्म देखी जा रही है, जहां लोग इस फिल्म के कॉमेडी, एक्शन और इमोशन का लुफ्त उठा रहे हैं. कोडरमा के झुमरी तिलैया के मल्टीप्लेक्स में इस फिल्म को विधिवत रिलीज किया गया. यह फिल्म मुख्य रूप से झारखंड के कोडरमा के अलावा हजारीबाग, रांची और पतरातु घाटी और बिहार के जगदीशपुर में फिल्माई गई है. फ़िल्म के अधिकांश कलाकार कोडरमा के हैं, जबकि इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फ़िल्म निर्देशक विपिन जाटे ने किया है.
इस फिल्म के एक गाने में मशहूर सिंगर उदित नारायण ने अपनी आवाज दी है. कोडरमा में भी लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस फिल्म को देखा और स्थानीय कलाकारों के अभिनय को सराहा. यह पहला मौका है जब कोडरमा में बनी फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज हुई है. फिल्म देखने आए लोगों ने इसे ऐतिहासिक पल बताया और कहा कि कोडरमा जैसे छोटे शहरों में भी फिल्म बन रही है और यहां के निर्माता और कलाकार फिल्मों में बेहतर परफॉर्मेंस देकर मुंबईया कलाकारों को चुनौती देते हुए इस फिल्म में नजर आ रहे हैं. फिल्म में बेरोजगारी, पलायन, ग्रामीण राजनीति को प्रदर्शित करते हुए और सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार किया गया है.
