पीएम मोदी के संबोधन पर सुप्रिया श्रीनेत ने दी प्रतिक्रिया, कहा- ये बस शिगूफा

नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्रचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने निशाना साधा है। उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री सिर्फ और सिर्फ शिगूफा छोड़ते हैं। जमीनी स्तर पर क्या हो रहा है, लोगों के हितों में क्या कुछ कदम उठाए जा रहे हैं या फिर लोगों की मौजूदा स्थिति कैसी है? इन सबसे प्रधानमंत्री को कोई मतलब नहीं है।

आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “प्रधानमंत्री को लोगों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। वे सिर्फ और सिर्फ झूठे दावे और वादे करते हैं, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेना देना नहीं है। पीएम मोदी सिर्फ मुद्दों से ध्यान भटकाना जानते हैं, लेकिन इससे कुछ खास होने वाला नहीं है। पीएम मोदी अगर प्रज्वल रेवन्ना पर बोलते, बृजभूषण शरण सिंह पर बोलते, विनेश फोगाट पर बोलते, तब मुझे लगता कि वे कुछ बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री अपने संबोधन में भ्रष्टाचार का नाम ले रहे हैं। मैं जानना चाहती हूं कि आखिर वे किस मुंह से भ्रष्टाचार का नाम ले रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री महिला सुरक्षा की बात कर रहे हैं, आखिर वो किस मुंह से महिला सुरक्षा की बात कर रहे हैं। आपकी नाक के नीचे महिलाओं को रौंदा जा रहा है, लेकिन आप खामोश हैं, तो ऐसे में यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर आप किस मुंह से महिला सुरक्षा का नाम लेकर लोगों को भरमाने की कोशिश कर रहे हैं। आप बेशक लोगों को भरमा लीजिए, लेकिन मैं आपको स्पष्ट कर देना चाहती है कि आपकी कोशिशें कभी-भी सफल होने वाली नहीं है। जनता अब आपको समझ चुकी है।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “मेरा अपना मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी मुद्दों से भागने के लिए नए-नए शिगूफे छोड़ते रहते हैं। वे खुद ही नहीं चाहते हैं कि लोगों का ध्यान जनसरोकारों जैसे मुद्दे से हो, इसलिए वे इस तरह की बातें करते रहते हैं, जब इस देश में सर्वसम्मति बन जाएगी, तब स्थिति अपने आप दुरूस्त हो जाएगी, लेकिन प्रधानमंत्री के मौजूदा रूख से तो यह स्पष्ट हो चुका है कि उन्हें देश के हित से कोई लेना-देना नहीं है।”

बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विभिन्न मुद्दों का जिक्र किया। पीएम ने विकसित भारत 2047 की बात की और महिला सुरक्षा समेत तमाम मुद्दों पर विचार रखे। इसके साथ ही उन्होंने ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ पर भी जोर दिया और इसे देश हित में जरूरी बताया।

–आईएएनएस

एसएचके/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More