स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार में सुरक्षा कड़ी, गांधी मैदान में सीएम नीतीश कुमार फहराएंगे तिरंगा

पटना, 14 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पटना के गांधी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झंडोतोलन करेंगे।

जिला प्रशासन की ओर से समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बुधवार को प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि ने गांधी मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। बारिश की आशंका को लेकर गांधी मैदान में वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है, जिसमें 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

गांधी मैदान की सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। 98 मजिस्ट्रेट और 1000 से अधिक पुलिसकर्मी इस दौरान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे गांधी मैदान को चार सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर की जिम्मेदार अलग-अलग अधिकारी को सौंपी गई है। गांधी मैदान में अस्थाई नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है।

पटना के जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि दर्शकों के लिए पंडाल बनाया गया है, जिससे बारिश होने पर दर्शकों को परेशानी नहीं होगी। ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा के लिए जवान तैनात रहेंगे। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे।

उन्होंने बताया कि सभी मेहमान सुबह 8:30 बजे तक अपनी जगह पर पहुंच जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में 13 झांकियां भी निकाली जाएगी। इन झांकियों के जरिए सरकार की विकासात्मक और लोक कल्याणकारी योजनाओं, समाज सुधार अभियान और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों को दिखाया जाएगा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से झांकी की संरचना की ऊंचाई अधिकतम 15 फीट निर्धारित की गई है।

—आईएएनएस

पीकेटी/ एसएम/जीकेटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More