बांग्लादेशी घुसपैठ के बाद अब ‘बांग्लास्तान’: संताल की चुनौती से निपटने की भाजपा की चुनावी रणनीति कितनी कारगर

रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा आगामी 23 अगस्त को रांची के मोराबादी मैदान में युवा आक्रोश रैली करने जा रही है। इस रैली के जरिए भाजपा की कोशिश रोजगार और नौकरी के मुद्दे पर हेमंत सरकार के खिलाफ युवाओं में मौजूद आक्रोश को अपने पक्ष में भुनाने की है ताकि आगामी चुनाव में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली इंडिया गठबंधन को पटखनी दी जा सके। युवाओं का मुद्दा भाजपा के उन संभावित मुद्दों में से एक है, जिसके सहारे वह चुनाव में जाना चाह रही है क्योंकि इसी दौरान पार्टी संताल में बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा भी समानांतर रूप से उठा रही है ताकि संताल की चुनौतियों से निपटा जा सके।
बाबूलाल मरांडी का ट्वीट
संताल परगना के जिलों मे बांग्लादेशी घुसपैठियों का मुद्दा भाजपा जोर-शोर से उठा रही है। घुसपैठ कर झारखंड में प्रवेश कर चुके बांग्लादेशियों को जेएमएम का वोट बैंक तक का आरोप लगाने के बाद अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि झारखंड के संताल के बड़े हिस्से समेत बिहार व अन्य कई राज्यों के इलाकों को मिलाकर ‘बांग्लास्तान’ नामक देश बनाने की साजिश चल रही है। बाबूलाल मरांडी ने यह दावा खुफिया एजेंसियों के रिपोर्ट के आधार पर की है। अपने पोस्ट में बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस व झामुमो पर कट्टरपंथियों के मकसद को पूरा करने का भी आरोप लगाया है।
खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, झारखंड के बड़े हिस्से(संथाल बहुल इलाके), बिहार का किशनगंज जिला, पश्चिम बंगाल, अधिकांश उत्तर पूर्वी राज्य, नेपाल और म्यांमार के कुछ हिस्से को मिलाकर ‘बांग्लास्तान’ नामक देश बनाने की साजिश चल रही है।
5 अगस्त को शेख हसीना सरकार की तख्तापलट के बाद… pic.twitter.com/4jTUK4kGPu
— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 14, 2024
संताल परगना की चुनौती अहम
संताल परगना को लेकर बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के तमाम नेताओं की चिंता का बड़ा कारण वहां चुनाव में भाजपा को मिल रही पटखनी है। बीते लोकसभा चुनाव को देखा जाए तो संताल परगना की तीन लोकसभा सीटों में से केवल एक सीट गोड्डा ही उसके खाते में आ सकी, जहां निशिकांत दुबे लगातार चौथी बार चुनाव जीतने में कामयाब रहे जबकि पिछली बार की जीती हुई दुमका सीट भी इस बार उसके हाथ से निकल गई जबकि यहां से पार्टी ने वर्तमान सांसद सुनील सोरेन का टिकट पहली सूची में ही घोषित करने के बाद उस समय काट दिया जब सोरेन परिवार की बड़ी बहू और जामा की तीन बार की विधायक सीता सोरेन जेएमएम छोड़ भाजपा में शामिल हो गई और पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया लेकिन पार्टी का यह दांव भी काम नहीं आया और दुमका की छह विधानसभा सीटों में से 4 पर बढ़त बनाने के बावजूद भाजपा यह सीट 28 हजार वोटों से हार गई।

विधानसभा स्तर पर यदि संताल के तीन लोकसभा सीटों के चुनाव परिणाम का विश्लेषण किया जाए तो 18 विधानसभा क्षेत्रों में से 10 विधानसभा सीट पर भाजपा पिछड़ गई। भाजपा को केवल 8 विधानसभा क्षेत्रों में ही बढ़त मिली, जिसमें गोड्डा और दुमका की 4-4 सीटें शामिल है। बढ़त वाली इन 8 सीटों में केवल जरमुंडी और देवघर दो सीटें ऐसी रही, जहां बढ़त 40 हजार वोटों से अधिक की रही जबकि नाला में 21 हजार तो गोड्डा में 17 और दुमका में वोटों का अंतर केवल 10 हजार का रहा। जामा में 5,सारठ में 1 और पोड़ैयाहाट में अंतर तो केवल 8 हजार वोटों का ही रहा। जबकि राजमहल लोकसभा क्षेत्र की सभी छह विधानसभा सीटों के अलावा महगामा, मधुपुर, जामताड़ा और शिकारीपाड़ा जैसी मजबूत सीटें भी जेएमएम से भाजपा छीन नहीं पाई। हालांकि पार्टी को दो एसटी सीटों जामा और दुमका में बढ़त मिली।
2019 का चुनाव परिणाम
2019 के विधानसभा चुनाव के परिणाम को देखा जाए तो सत्ता में रहने के बावजूद भी भाजपा 18 में से केवल 4 सीटें (राजमहल, सारठ, गोड्डा और देवघर) ही जीत पाई थी जबकि झामुमो 9 और कांग्रेस 5 सीट जीतने में कामयाब रही यानी भाजपा संताल में तीसरे नंबर की पार्टी रही। संताल परगना में भाजपा के प्रदर्शन का आलम यह रहा कि एसटी यानी अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित सभी 7 सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा और झामुमो ने एकतरफा यह सभी सीटें जीत ली। वहीं एससी यानी अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित एकमात्र सीट देवघर और सामान्य वर्ग की 10 सीटों में से केवल 3 सीट ही भाजपा के खाते में आई।
बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा को संताल परगना में जिस करिश्माई प्रदर्शन की उम्मीद थी वह उसे नहीं मिली बावजूद इसके कि सोरेन परिवार की बड़ी बहू और जामा विधानसभा सीट से तीन बार की झामुमो विधायक रही सीता सोरेन को भाजपा अपने पाले में लाने में कामयाब रही थी तो वहीं जेएमएम से नाराज चल रहे बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम को भी भाजपा ने खूब बढ़ावा दिया। लोकसभा चुनाव में केवल 28 हजार वोट हासिल करने के बावजूद लोबिन हेंब्रम भाजपा के संपर्क में हैं और उऩ्होंने कुछ दिन पहले ही प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी व असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात की।
भाजपा की चुनावी संभावनाएं
संताल परगना में भाजपा की चुनावी जीत की संभावनाएं कितनी है, यह यक्ष प्रश्न भाजपा के नेताओं के लिए जितना बड़ा है, वहीं यह सवाल जेएमएम और उसके नेता हेमंत सोरेन के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि संताल की जीत से ही सत्ता में इंडिया गठबंधन की वापसी के दरवाजे खुलेंगे। आदिवासी, मुस्लिम, दलित और ईसाई वोटों के गठजोड़ के सहारे लोकसभा चुनाव में जीत का परचम फहराने वाला इंडिया गठबंधन का भरोसा अब विधानसभा चुनाव को लेकर भी है, यही कारण है कि भाजपा लगातार संताल में घुसपैठ का मुद्दा उठा रही है ताकि हिंदू बहुल और गैरआदिवासी वाले 11 सीटों पर जीत दर्ज कर सके, जिसमें से फिलहाल भाजपा के खाते में केवल 4 सीट ही है। ऐसे में इस अंतर को पाटने के साथ-साथ एसटी सुरक्षित सीटों पर भाजपा की जीत से ही 5 साल बाद सत्ता में वापसी के उसके दरवाजे खुलेंगे।
