झारखंड के फायर फाइटर को स्वतंत्रता दिवस पर मिलेगा सम्मान
रांची: स्वतंत्रता दिवस पर कुल 46 अग्निशमन कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा. इसमें झारखंड के एक अग्निशमन कर्मी प्यारेलाल तांबवार का नाम भी शामिल है. इस संबंध में डीजी होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवा, रांची के अनिल पाल्टा ने कहा कि अग्निशमन कर्मियों को पहली बार सम्मानित किया जाना गौरव की बात है. सम्मान मिलने से कर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन करते हैं. कोलतार भंडारण समेत कई जगहों पर आग बुझाकर लोगों की जान बचाने के लिए उन्हें यह सम्मान मिलेगा.
दरअसल, 16 मई 2023 को साहेबगंज जिले के हाजीपुर गांव में एक सड़क निर्माण स्थल पर भीषण आग लग गई थी. सूचना मिलते ही अग्निशमन कर्मी प्यारेलाल तांबवार मुख्य अग्निशमन चालक के साथ मौके पर पहुंचे और देखा कि सड़क निर्माण उपकरण और कोलतार भंडारण टैंक में आग लगी हुई थी. आग लगने के कारण स्थानीय लोगों और एनएच-80 से गुजरने वाले वाहनों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था. घटना के दौरान आग से उत्पन्न गर्मी के कारण कोलतार स्टोरेज टैंक भी फट गया. इस विस्फोट में फायर फाइटर प्यारेलाल तांबवार गंभीर रूप से घायल हो गए.
इसके बावजूद फायर फाइटर प्यारेलाल तांबवार अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण दिखाते हुए और अपनी जान जोखिम में डालकर अग्निशमन कार्य के लिए समर्पित रहे. अंत में प्यारेलाल ने टैंक में लगी आग पर काबू पा लिया. प्यारेलाल को इस बहादुरी भरे कार्य के लिए डीजी अग्निशमन सेवा ने 5,000 रुपये की राशि से पुरस्कृत किया था. सरकार ने भी उन्हें वीरता पदक के लिए अनुशंसित किया था. प्यारे लाल तांबवार को वर्ष 1990 में फायरमैन ड्राइवर के रूप में नियुक्त हुए थे.
