मध्य प्रदेश में डैम बना नहीं और खर्च कर डाले 243.95 करोड़ रुपये

सिंगरौली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सिंगरौली में 243.95 करोड़ रुपये का एक घोटाला सामने आया है। हैरानी वाली बात यह है कि सरकार ने जिस डैम के लिए 243.95 करोड़ रुपये खर्च कर डाले, वह डैम आज तक बना ही नहीं।

दरअसल, सिंगरौली में कांग्रेस की कमलनाथ की सरकार में साल 2018 से लेकर 2020 के बीच एक डैम वाटर चैनल बनाने के लिए सरकार द्वारा कंपनियों को 243.95 करोड़ रुपये का एडवांस भुगतान किया गया। इधर, प्रदेश में कमलनाथ की सरकार गिर गई। शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनीं, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। प्रदेश में मौजूदा समय में भाजपा की सरकार है, लेकिन डैम का निर्माण कार्य ही नहीं हुआ।

एक रिपोर्ट के अनुसार, कमलनाथ की सरकार ने हैदराबाद की एक कंपनी को डैम बनाने के लिए साल 2019 में ठेका दिया था। सरकार द्वारा कंपनी को इसी साल 243.95 करोड़ रुपये दे दिए गए। डैम बनाने की डेडलाइन 28 मार्च 2024 रखी गई। लेकिन, बीते पांच साल में यहां पर एक पाइप तक नहीं बिछाई गई। डैम का निर्माण कार्य आज तक नहीं शुरू हो पाया।

गोंड वृहद सिंचाई परियोजना के संबंध में स्थानीय बीजेपी विधायक मेश्राम ने विधानसभा में मुद्दा उठाया। विधानसभा में विधायक द्वारा इस परियोजना की प्रगति के बारे में सवाल किया गया। लेकिन, उनके सवालों का कोई जवाब नहीं मिला।

विधानसभा में भले ही उनके सवालों के जवाब नहीं मिले। लेकिन, विधायक का दावा है कि प्रदेश की मौजूदा सरकार ने मंजूरी दे दी है। पर्यावरण मंत्रालय से एनओसी मांगी जा रही है।

विधायक के अनुसार, साल 2019 में कमलनाथ की सरकार में एक कंपनी को एडवांस में रुपये दे दिए गए थे। कंपनी ने कुछ काम नहीं किया। इधर, कांग्रेस की सरकार जाने के बाद डैम निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया। हालांकि, अब मौजूद सरकार ने डैम निर्माण को लेकर अपनी मंजूरी दी है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More