राज्यसभा की खबरों पर विराम! पश्चिमी जमशेदपुर में फिर से बन्ना बनाम सरयू के आसार

रांची: कई मीडिया चैनलों और बेबसाइटों के द्वारा पूर्वी जमशेदपुर सीट से निर्दलीय विधायक और वर्तमान में जदयू की सवारी कर चुके सरयू राय का राज्य सभा जाने की खबरों पर विराम लगता दिख रहा है. हालांकि इस मामले में अभी तक सरयू राय ओर से कोई सफाई नहीं आयी है, अभी भी कई मीडिया चैनलों की ओर यह दावा दुहराया जा रहा है. उनका मानना है कि जदयू कोटे से सरयू राय को राज्यसभा भेजा जाना बिहार की सत्ता में बड़े बदलाव का सूचक है, साथ ही झारखंड में भाजपा को चिढ़ाने की कार्रवाई है. लेकिन यदि सरयू राय के निकटवर्ती और भरोसमंद सूत्रों पर विश्वास करें तो इन दावों में कोई तथ्य नहीं है. पिछले कई दिनों से सीएम नीतीश की रहस्यमय चुप्पी के बीच इस तरह की खबरों को हवा देने की कोशिश की जा रही है. जबकि हकीकत यह है कि इस बार सरयू राय पूर्वी जमशेदपुर के बजाय पश्चिमी जमशेदपुर से ताल ठोंकने की तैयारी में हैं. यानि इस बार पश्चिमी जमशेदपुर में बन्ना बनाम सरयू का रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा. 

2005 से जारी है बन्ना बनाम सरयू का सियासी संघर्ष

दरअसल पश्चिमी जमशेदपुर की सीट पर सरयू राय और बन्ना गुप्ता के बीच वर्ष 2005 से ही सियासी संघर्ष का होता रहा है. बन्ना गुप्ता ने पहली बार इसी सीट से वर्ष 2000 में सपा उम्मीदवार के रुप में अपने सियासी जीवन की शुरुआत की थी. अपनी पहली ही एंट्री  में बन्ना गुप्ता ने 22,568 वोट लाकर अपने मजबूत सियासी जमीन का सबूत पेश किया था. वहीं सरयू राय की एंट्री वर्ष 2005 में भाजपा उम्मीदवार के रुप में होती है. उस मुकाबले में सरयू राय ने 47,428 वोट के साथ भाजपा को चौथी जीत दिलवाई थी. जबकि 1980 से जीत का वोट जोह रहे कांग्रेस को इस बार भी निराशा हाथ लगी थी. बन्ना गुप्ता को 34,733 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. यह बन्ना गुप्ता और सरयू का पहला सियासी मुकाबला भी था.

बन्ना ने वर्ष 2009 में खत्म करवाया था कांग्रेस का 29 वर्षों का सूखा 

लेकिन 2009 के मुकाबले में सरयू राय को बन्ना के  हाथों करीबन तीन हजार से मात खाना पड़ा. हालांकि वर्ष 2014 में वापसी करते हुए सरयू राय ने बन्ना गुप्ता को करीबन 11 हजार से शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की. लेकिन इसी बीच भाजपा के अंदर सरयू राय के साथ खेल हुआ, भाजपा ने अपने सीटिंग विधायक सरयू राय को टिकट देने के बजाय देवेन्द्रनाथ सिंह को मोर्चे पर तैनात किया. लेकिन बन्ना के सामने देवेन्द्रनाथ सिंह कोई खास करिश्मा नहीं कर पायें और करीबन 22 हजार से मात खाना पड़ा. यानि पश्चिमी जमशेदपुर सीट से अब तक सरयू राय और बन्ना गुप्ता दोनों को ही दो-दो बार जीत मिली है. खास बात यह रही है कि वर्ष 2019 में सरयू राय पश्चिमी जमशेदपुर के बजाय पूर्वी जमशेदपुर सीट से तात्कालीन सीएम रघुवर दास के  खिलाफ मुकाबले में कूद पड़े और सीएम की कुर्सी पर रहते हुए रघुवर दास को15833 मतों से पटकनी देने में कामयाबी हासिल की.

एक बार फिर से बन्ना बनाम सरयू का संघर्ष

लेकिन अब जो खबर सामने आ रही है उसके अनुसार इस बार फिर से पश्चिमी जमशेदपुर में बन्ना बनाम सरयू राय संघर्ष होने वाला है. इस हालत में बन्ना गुप्ता को एक बार फिर से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है. लेकिन इसके साथ ही देवेन्द्रनाथ सिंह के साथ ही दूसरे कई चेहरों को भी सियासी सदमा लग सकता है, जिनकी चाहत भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनावी अखाड़े में उतरने की थी. बताया जा रहा है कि पश्चिमी जमशेदपुर से इस बार भाजपा के टिकट के दावादारों की एक लम्बी फौज है, जिसमें देवेन्द्रनाथ सिंह के साथ ही नीरज सिंह, विकास सिंह के साथ ही राजकुमार श्रीवास्तव भी हैं. हालांकि अभी तक भाजपा, जदयू और आजसू के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है. इस बार लोजपा (रामविलास) के साथ ही जीतन राम मांझी की पार्टी हम भी एनडीए में अपनी हिस्सेदारी खोज रही है.  इस बार लोजपा और हम के हिस्से भी कुछ सीटें आ सकती है, इस हालत में जब तक सीट शेयरिंग पर अंतिम मुहर नहीं लग जाती, कुछ भी दावे के साथ कहना मुश्किल होगा. साथ ही टिकट वितरण के बाद बागियों का जो खेल होगा, वह भी देखने लाइक होगी. खास कर भाजपा के लिए यह एक बड़ी चुनौती होगी. क्योंकि महागठबंधन के अंदर यह तो पहले ही तय है कि पश्चिमी जमशेदपुर से उसका चेहरा कौन होगा, जबकि भाजपा के सामने टिकट वितरण से नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की चुनौती होगी.  

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More