200 यूनिट फ्री बिजली स्कीम के तहत घरेलू उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग आज से

रांची: राज्य सरकार द्वारा 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा के बाद आज से इस योजना का शुभारंभ हो रहा है. इस योजना के तहत झारखंड में आज से घरेलू उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग की जाएगी. इसके साथ ही 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ भी मिलेगा. इसका मतलब यह है कि जिन उपभोक्ताओं की खपत 200 यूनिट तक है, उन्हें जुलाई महीने का बिल नहीं देना होगा. मीटर रीडर उनके बिल जारी करेंगे. 200 यूनिट तक की खपत में भुगतान पर शून्य लिखा जाएगा. बताया गया कि पहले चरण में एचटी उपभोक्ताओं के बिल जारी किए गए. दूसरे चरण में बुधवार से घरेलू उपभोक्ताओं के बिल जारी किए जाएंगे. योजना के तहत शहरी या ग्रामीण क्षेत्र में 200 यूनिट तक बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा.
आपको बता दें कि रांची जिले में 5 लाख 36 हजार 564 घरेलू उपभोक्ता हैं. इनमें से 4.33 लाख उपभोक्ता हर महीने करीब 200 यूनिट ही बिजली का उपयोग करते हैं. इन सभी उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिलेगा. जानकारी के अनुसार 200 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं से बिजली शुल्क, फिक्स चार्ज या इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी नहीं लिया जाएगा.
400 यूनिट पर पहले से मिल रही है सब्सिडी
वर्तमान में झारखंड सरकार 400 यूनिट तक बिजली खपत पर सब्सिडी दे रही है. सब्सिडी के तहत उपभोक्ताओं को 2.05 रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी मिलेगी. अगर बिल 400 यूनिट से अधिक का है तो उपभोक्ता को 6.65 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा.
