वेस्ट बैंक में इजरायली सेना और फिलिस्तीनियों के बीच झड़प में एक की मौत

रामल्लाह, 14 अगस्त (आईएएनएस)। इजरायली सेना ने वेस्ट बैंक में दो अपार्टमेंटों को विस्फोट से उड़ा दिया, जिसके बाद भड़की झड़पों के दौरान एक फिलिस्तीनी की मौत हो गई। फिलिस्तीनी सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

इजरायली सुरक्षा सूत्रों ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि इजरायली सेना ने रामल्लाह और अल-बिरेह शहरों पर धावा बोला और दो आवासीय भवनों को घेर लिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि एक अपार्टमेंट कैदी आयसर अल-बरगौती का है और दूसरा कैदी खालिद अल-खरौफ का है। इजरायली सेना ने 8 जनवरी को अल-बरगौती और अल-खरौफ को रामल्लाह में गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था, जिसमें एक इजरायली महिला की मौत हो गई थी।

सूत्रों ने बताया कि सेना ने दोनों अपार्टमेंटों को विस्फोट से उड़ा दिया।

इसके बाद, फिलिस्तीनियों और इजरायली सेना के बीच झड़पें होने लगी। फिलिस्तीनियों ने इजरायली सेना पर पत्थर और खाली बोतलें फेंकी, जबकि इजरायली सेना ने आंसू गैस के गोले दागे और गोलियां चलाई।

चिकित्सा सूत्रों ने सिन्हुआ समाचार एजेंसी को बताया कि एक युवक मोआताज़ सरसौर गोलियों से गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इजरायल अक्सर फिलिस्तीनी हमलावरों के घरों को ध्वस्त कर देता है। उसका कहना है कि इसका उद्देश्य संभावित हमलावरों को रोकना है।

7 अक्टूबर, 2023 को हमास-इजरायल संघर्ष शुरू होने के बाद से वेस्ट बैंक और पूर्वी यरुशलम में इजरायली गोलीबारी में अब तक 620 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं।

इधर, गाजा में इजरायली हमलों में फिलिस्तीनियों की मौत का आंकड़ा लगभग 40,000 हो गया है।

मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान, इजरायली सेना ने 32 लोगों को मार डाला और 88 अन्य को घायल कर दिया, जिससे फिलिस्तीनी-इजरायल संघर्ष शुरू होने के बाद से कुल मौतों की संख्या 39,929 और घायलों की संख्या 92,240 हो गई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मलबे के नीचे और सड़कों पर अभी भी कई पीड़ित हैं, जहां तक एम्बुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल नहीं पहुंच पा रहे हैं।

–आईएएनएस

एसकेपी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More